खगड़िया : RCD कार्यपालक अभियंता संजय कुमार के ठिकानों पर निगरानी का छापा; आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई
निगरानी ब्यूरो ने खगड़िया के पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति ...और पढ़ें

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना की टीम ने खगड़िया, पटना और बिहारशरीफ स्थित 3 ठिकानों पर एक साथ शुरू की तलाशी
HighLights
खगड़िया RCD इंजीनियर संजय कुमार के ठिकानों पर छापेमारी।
आय से अधिक संपत्ति मामले में निगरानी की कार्रवाई।
पटना, खगड़िया, बिहारशरीफ में एक साथ तलाशी अभियान।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau) का कड़ा एक्शन लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह निगरानी ब्यूरो की टीम ने आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets) अर्जित करने के मामले में पथ निर्माण विभाग (RCD), खगड़िया के कार्यपालक अभियंता (Executive Engineer) संजय कुमार के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की।
वर्तमान में खगड़िया पथ निर्माण विभाग में पदस्थापित एग्जीक्यूटिव इंजीनियर संजय कुमार के खिलाफ आय से कहीं अधिक अवैध चल-अचल संपत्ति अर्जित करने की पुख्ता शिकायत निगरानी ब्यूरो को मिली थी। प्राथमिक जांच में साक्ष्य मिलने के बाद विशेष अदालत से सर्च वारंट लेकर यह कार्रवाई शुरू की गई है।
खगड़िया, पटना और बिहारशरीफ में एक साथ छापेमारी
निगरानी ब्यूरो पटना के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) शशि शेखर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने शुक्रवार तड़के कार्यपालक अभियंता के तीन प्रमुख ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
निगरानी की टीमें खगड़िया स्थित उनके कार्यालय और सरकारी आवास के अलावा, राजधानी पटना स्थित आवास और उनके पैतृक आवास बिहारशरीफ (नालंदा) में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से विभाग और स्थानीय प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जमीन के दस्तावेज और बैंक-बीमा में भारी निवेश के मिले सबूत
तलाशी के दौरान निगरानी टीम को कार्यपालक अभियंता और उनके परिजनों के नाम पर खरीदी गई कई कीमती जमीनों व भूखंडों के मूल दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके साथ ही विभिन्न राष्ट्रीयकृत व निजी बैंकों के खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और बीमा पॉलिसियों में किए गए भारी निवेश से जुड़े साक्ष्य भी हाथ लगे हैं।
निगरानी टीम के अधिकारी बरामद सभी कागजातों, बैंक पासबुक और निवेश पत्रों का बारीकी से सत्यापन (Verification) कर रहे हैं।
लॉकर और संपत्ति का मूल्यांकन जारी, बढ़ेगा अवैध कमाई का आंकड़ा
निगरानी टीम की छापेमारी अभी सभी ठिकानों पर जारी है। अधिकारियों द्वारा इंजीनियर के बैंक लॉकरों, नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों का विस्तृत ब्योरा तैयार किया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि तलाशी पूरी होने और वित्तीय दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद ही आय से अधिक अर्जित की गई कुल अवैध संपत्ति का वास्तविक और सटीक आंकड़ा सामने आ सकेगा।
