खगड़िया नाव हादसा: छह लोगों की डूबने से हुई थी मौत, पसरा मातम
खगड़िया जिले के तेमथा गंगा घाट पर नदी में नाव पलट जाने से नाव में सवार 14 लोगों में से छह लोग लापता हो गए। बाद में इनके शव बरामद किए गए।
खगडिय़ा [जेएनएन]। जिले के परबत्ता प्रखंड स्थित तेमथा करारी पंचायत अंतर्गत भगवान गंगा घाट के पास एक छोटी नौका के डूबने से आधा दर्जन लोग लापता हो गए। बाद में छह लोगों के शव बरामद किए गए। जिसके बाद चीख पुकार मच गई। दुर्घटना का कारण नौका में ओवरलोडिंग बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को एक छोटी नाव पर सवार होकर 14 लोग भगवान गंगा घाट से कृषि कार्य और मजदूरी करने के लिए तेमथा करारी दियारा जा रहे थे। इसी बीच नदी में नाव डूब गई। नाव पर सवार आठ लोग किसी तरह से तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, वहीं छह की डूबकर मौत हो गई।
हादसे में बचे एक व्यक्ति सिराजपुर के राम उदय चौधरी उर्फ लूचो चौधरी ने बताया कि नाव पर 14 लोग सवार थे और बीच गंगा में तेज हवा और ओवरलोडिंग होने के कारण नाव डूब गई, जिसकी वजह से नाव पर सवार आठ लोग तो तैरकर बाहर निकल गए लेकिन छह लोग लापता हो गए, तलाशी के बाद सबका शव बरामद किया गया।
परबत्ता बीडीओ सह सीओ डॉ. कुंदन ने बताया कि, कुल छह लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। मृतकों में सिराजपुर गांव की इंदु देवी (पति राजेश ठाकुर) और कैलाश दास, तेमथा की टूसा देवी (पति हकरू शर्मा), रेणु देवी (पति कमलेश्वरी शर्मा) और अघोरी शर्मा उर्फ अघोरी तांती शामिल हैं। एक और ग्रामीण की भी मौत हुई।
सूचना मिलने पर परबत्ता के विधायक आरएन सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को सभी सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी।