कबाड़ से जुगाड़ और अपने खर्च पर बच्चों को दिलाई टाई-बेल्ट, खगड़िया की मधु कुमारी को मिलेगा राजकीय शिक्षक पुरस्कार
State Teacher Award 2026: खगड़िया की शिक्षिका मधु कुमारी को 5 सितंबर को पटना में 'राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026' से ...और पढ़ें

State Teacher Award 2026: खगड़िया की शिक्षिका मधु कुमारी को मिलेगा राजकीय शिक्षक पुरस्कार, वेस्ट मटेरियल से TLM बनाकर बदल दी पढ़ाई की परिभाषा
HighLights
शिक्षिका मधु कुमारी को 'राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026' मिलेगा।
'कबाड़ से जुगाड़' से आकर्षक शिक्षण सामग्री बनाती हैं।
निजी खर्च पर बच्चों को टाई, बेल्ट, जूते देती हैं।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। State Teacher Award 2026: शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोग और समर्पण की मिसाल पेश करने वाले शिक्षकों को राज्य स्तर पर मिलने वाले प्रतिष्ठित सम्मान की सूची में खगड़िया का नाम भी स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा 5 सितंबर को राजधानी पटना में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में जिले के गोगरी प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय जयंती ग्राम, औता की कर्मठ शिक्षिका मधु कुमारी को 'राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026' से विभूषित किया जाएगा।
महेशखूंट निवासी मधु कुमारी के चयन की आधिकारिक सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग ने उन्हें पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में सम्मिलित होने का निमंत्रण पत्र भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष पूरे बिहार से कठोर मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद महज 37 उत्कृष्ट शिक्षकों को इस सर्वोच्च राजकीय सम्मान के लिए चुना गया है, जिसमें मधु कुमारी का नाम शामिल होना खगड़िया जिले और विद्यालय परिवार के लिए बड़े गौरव का विषय है।
वेस्ट मटेरियल से टीएलएम बनाकर पढ़ाई को बनाया आसान
मधु कुमारी की सबसे बड़ी खासियत यह रही है कि उन्होंने बच्चों की पढ़ाई को सिर्फ किताबों और रटने तक सीमित नहीं रखा। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने 'कबाड़ से जुगाड़' की अवधारणा को साकार करते हुए अनुपयोगी और वेस्ट मटेरियल से बेहद आकर्षक, रंग-बिरंगी और उपयोगी शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) तैयार की।
गोगरी प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय जयंती ग्राम (औता) की शिक्षिका मधु कुमारी का राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयन
शिक्षक दिवस पर पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में राज्यभर से चयनित 37 विशिष्ट शिक्षकों के साथ होंगी सम्मानित
सीमित संसाधनों में वेस्ट मटेरियल से आकर्षक टीएलएम (TLM) निर्माण में महारत; राज्य स्तर पर दो बार पहले भी मिल चुका है सम्मान
बच्चों को स्मार्ट बनाने के लिए निजी खर्च पर टाई, बेल्ट, जूते-मोजे और स्वच्छता सामग्री कराती हैं उपलब्ध; डीईओ ने दी बधाई
खेल, कला और वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से कठिन से कठिन विषयों और गणितीय संकल्पनाओं को सहज बनाने की उनकी शिक्षण शैली की गूंज राज्य स्तर तक पहुंची। पूर्व में भी उनके टीएलएम नवाचारों को दो बार राज्यस्तरीय टीएलएम मेले में सम्मानित किया जा चुका है और वे 'बिहार गौरव सम्मान' से भी नवाजी जा चुकी हैं।
निजी खर्च से संवारती हैं बच्चों का स्वरूप
शिक्षिका मधु कुमारी पिछले करीब एक वर्ष से प्राथमिक विद्यालय जयंती ग्राम, औता में पदस्थापित हैं। विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और उनका आत्मविश्वास जगाने के लिए वे निजी स्तर पर भी संवेदनशील प्रयास करती हैं। गरीब और वंचित पृष्ठभूमि से आने वाले बच्चों को कॉन्वेंट जैसा अनुशासन और स्मार्ट लुक देने के लिए वे अपने निजी खर्च से छात्रों को स्कूल टाई, बेल्ट, कैप, जूते, मोजे और स्वच्छता से जुड़ी आवश्यक किट उपलब्ध कराती रही हैं। उनके इस आत्मीय प्रयास ने न केवल बच्चों में स्कूल आने की ललक बढ़ाई, बल्कि पूरे गांव में अभिभावकों के बीच शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण भी तैयार किया।
"शिक्षिका मधु कुमारी का राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन पूरे खगड़िया जिले के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। शिक्षकों के नवाचारपूर्ण प्रयोग और छात्र-छात्राओं के प्रति सच्चा समर्पण ही सरकारी शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाई और मजबूती प्रदान करता है। इस प्रकार की उपलब्धियां जिले के अन्य शिक्षकों को भी अपने दायित्वों के प्रति नवाचार करने की नई प्रेरणा देंगी।"
