विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 04, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नमो देव्यै, महा देव्यै: अमृता ने मक्का व्यवसाय में तोड़ी पुरुषों की बादशाहत

By JagranEdited By:
Published: Mon, 04 Apr 2022 09:04 PM (IST)

जागरण संवाददाता खगड़िया फरकिया के एक छोटे से गांव गंगौर के सिमराहा की हुनरमंद मि

नमो देव्यै, महा देव्यै: अमृता ने मक्का व्यवसाय में तोड़ी पुरुषों की बादशाहत
नमो देव्यै, महा देव्यै: अमृता ने मक्का व्यवसाय में तोड़ी पुरुषों की बादशाहत

जागरण संवाददाता, खगड़िया : फरकिया के एक छोटे से गांव गंगौर के सिमराहा की हुनरमंद महिला अमृता देवी आज परिचय की मोहताज नहीं है। अपनी मेहनत पर व्यवसाय स्थापित करने के साथ आज विभिन्न शहरों में महिलाओं को व्यवसाय का हूनर सिखा रही है। जिले में मक्का व्यवसाय में पुरुषों की बादशाहत को समाप्त करने में भी अमृता का अहम योगदान रहा है। उन्होंने 2016 से जीविका कृषि उत्पादक लिमिटेड से जुड़कर मक्का की खरीद बिक्री आरंभ की थी। इनकी सफलता के बाद सभी प्रखंडों में समूह के माध्यम से मक्का की खरीदारी और बिक्री होने लगी। जिसमें इनका सहयोग रहा। अमृता देवी कुशल गृहिणी भी हैं। ये वर्ष 2010-11 में चांदनी समूह से जुड़ी। समूह संचालन के साथ ये जीविका की मदद से अन्य स्वरोजगार करने के संग जीविका के कृषि उत्पादक लिमिटेड से जुड़ी और 2016 से मक्का की खरीद बिक्री का कार्य आरंभ किया। इसमें बेहतर सफलता हाथ लगी। इसके बाद इन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। समूह संचालन व मक्का व्यवसाय में महारत हासिल कर चुकी अमृता के कौशल का राज्य व देश स्तर पर चर्चा है। वर्ष 2018 में जिले की यह महिला बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से बात कर मक्का व्यवसाय पर चर्चा की। पीएम ने इनके कौशल की सराहना भी की थी। वहीं जीविका के स्तर से राज्य स्तर पर कई बार सम्मानित हुई हैं। अन्य राज्यों में भी इन्हें सम्मान मिला है। वर्तमान में जिला कृषि उत्पादक लिमिटेड के निदेशक मंडल में ये शामिल हैं। जीविका की ओर से अमृता विभिन्न शहरों में महिलाओं को मक्का व्यवसाय के साथ समूह के सफल संचालन का प्रशिक्षण देती हैं। अमृता के अनुसार महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। जीविका से जुड़कर मक्का व्यवसाय भी आज महिलाएं कर रही हैं। जिसमें पुरुषों की बादशाहत होती थी। आज सैकड़ों की संख्या में महिलाएं इस व्यवसाय से जुड़ी है। और बेहतर व्यवसाय कर रही हैं।