अब तक आए 39 हजार प्रवासी
खगड़िया। जिले में प्रवासियों का आना अनवरत जारी है। सरकार के नए नियम के अनुसार आने वाले
खगड़िया। जिले में प्रवासियों का आना अनवरत जारी है। सरकार के नए नियम के अनुसार आने वाले प्रवासियों में किसी को घर में तो किसी को क्वारंटाइन सेंटर पर क्वारंटाइन किया जा रहा है। जिले में बीते मंगलवार शाम तक 39 हजार प्रवासी आ चुके हैं।
क्वारंटाइन के नियम में बदलाव के कारण आने वाले प्रवासियों के साथ स्वजन और ग्रामीण भी उहापोह की स्थिति में रहते हैं। सरकारी नियम के अनुसार रेड जोन माने जाने वाले मुंबई, दिल्ली सहित 11 शहरों से आने वालों को ही सेंटर पर क्वारंटाइन किया जाना है। इसके अलावा अन्य शहरों से आने वाले प्रवासियों को होम क्वारंटइन में रहने का निर्देश है। हाल यह है कि प्रवासी बेधड़क अपने गांव-घर पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों की सूचना बाद प्रशासन के लोग गांव में पहुंचकर आने वाले प्रवासियों से किस शहर से आएं हैं, इसकी जानकारी लेते हैं। उसके बाद नए नियम के अनुसार तय किया जाता है कि अगर रेड जोन से आएं हैं तो उन्हें सेंटर पर भेजा जाता है। जो रेड जोन से इतर शहर के आते हैं, उन्हें घर में ही क्वारंटाइन रहने को कहा जाता है। इस चक्कर में प्रवासी बाहर से आने के बाद घंटों या एक से दो दिन तक यत्र तत्र रहने को विवश हैं। बीते मंगलवार को भी सैदपुर-मानसी में दिल्ली से आए प्रवासियों को एक दिन के बाद सेंटर पर क्वारंटाइन के लिए भेजा जा सका। तब तक उन्हें सड़क पर ही एक रात गुजारनी पड़ी। ट्रेन या सरकारी बसों से आने वाले प्रवासियों को उतरते ही अधिकारियों द्वारा जानकारी लेने के बाद नियमानुसार क्वारंटाइन में भेजा जाता है। वर्तमान में जिले के विभिन्न क्वारंटाइन सेंटर में 19 हजार 112 प्रवासी क्वारंटाइन में हैं। जबकि होम क्वारंटाइन में तीन हजार 441 प्रवासी हैं। 130 आइसोलेशन में तो 58 लोग आपदा राहत शिविर में रह रहे हैं। वहीं अब तक 20 हजार 451 लोगों ने क्वारंटाइन अवधि को पूर्ण किया है।