राजेंद्र नगर मुहल्ले से आठवें दिन भी हुई जल निकासी
खगडि़या। जिला मुख्यालय स्थित राजेंद्र नगर मुहल्ले से पानी निकालने का कार्य आठवें दिन गुरुवार क
खगडि़या। जिला मुख्यालय स्थित राजेंद्र नगर मुहल्ले से पानी निकालने का कार्य आठवें दिन गुरुवार को भी जारी रहा। दूसरी ओर आफिसर्स कॉलोनी, कर्मचारी कालोनी, चिल्ड्रेन पार्क से अब तक पानी नहीं निकला है और न ही इस दिशा में कोई ठोस पहल हुई है। शहर के कई निचले हिस्से में रह रहे लोगों को समझ में नहीं आ रहा है कि उनलोगों को जलजमाव से मुक्ति कब मिलेगी।
जिला मुख्यालय में अशोक नगर, आवास बोर्ड एवं राजेंद्र नगर के पश्चिमी भाग में अब भी नाव चल रही है। जिसमें अशोक नगर के दर्जनों परिवार जुगाड़ तकनीक के सहारे मुख्य सड़क पर आ रहे हैं। सन्हौली पोखर से डीएवी की ओर जाने वाली सड़क पर नाव का परिचालन बंद हो गया है। परंतु सड़क पर अब भी घुटना से नीचे जलजमाव है। इससे मुहल्ले के लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। आफिसर्स कॉलोनी से जल निकासी का रास्ता नहीं है। चिल्ड्रेन पार्क की भी यही स्थिति है। जलजमाव वाले क्षेत्र के लोगों के साथ समस्या यह है कि लोग अपने क्षेत्र में जल निकासी का रास्ता नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि उनलोगों को मुश्किल से जल जमाव से मुक्ति मिली है अब दूसरे क्षेत्र के लोग यदि उनके तरफ जल निकासी करेंगे तो उनलोगों का घर पुन: डूबने की संभावना है। इस तरह लोग मौसम की मेहरबानी पर पानी सूखने का इंतजार कर रहे हैं।