अलौली में अपहरण कर मासूम की हत्या
अलौली के रटनाहा गांव में पांच वर्षीय मासूम मनखुश कुमार का अपहरण कर अपराधियों ने गला दबा
खगड़िया। अलौली के रटनाहा गांव में पांच वर्षीय मासूम मनखुश कुमार का अपहरण कर अपराधियों ने गला दबाकर हत्या कर दी। मनखुश का शव गांव के ही मकई की खेत से बरामद हुआ। घटना बाद से गांव में भय व दहशत का साया पसर गया है।
सोमवार को मकई की खेत में लोगों ने मासूम का शव देखा। खबर जंगल के आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई। शव का गला दबाया हुआ प्रतीत हो रहा था। दो दिनों से लापता मनखुश के परिजनों की इसकी जानकारी हुई तो अनहोनी की आशंका से भर गए। सभी भागते हुए घटना स्थल पर पहुंचे। आशंका सच साबित हुई। शव मनखुश का ही था। इस बीच सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक के पिता फंटूस सिंह व अन्य परिजनों के अनुसार शनिवार की शाम मनखुश खेलते-खेलते अचानक गायब हो गया था। उसके गायब होने की सूचना अलौली पुलिस को दी गई थी। वे सब भी अपने स्तर से बच्चे को काफी तलाश रहे थे। पर बच्चे का कहीं पता नहीं चल पा रहा था। परिजनों ने आशंका जताई है कि मृतक की सौतेली दादी का इसमें हाथ हो सकता है। अलौली थानाध्यक्ष राजीवलाल के अनुसार अनुसंधान व पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्ट हो पाएगा कि मनखुश के मौत का कारण क्या रहा।