दिल्ली में स्वच्छता की चमक बिखेरेगा मध्य विद्यालय उसरी
खगड़िया। राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार 2017 के लिए बिहार के तीन विद्यालयों का चयन किया गया है
खगड़िया। राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार 2017 के लिए बिहार के तीन विद्यालयों का चयन किया गया है। इनमें खगड़िया के गोगरी प्रखंड के उसरी मध्य विद्यालय सहित मुजफ्फरपुर तथा सीतामढ़ी जिले के एक-एक विद्यालय शामिल हैं। उम्मीद है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर को सभी विधालयों को पुरस्कृत किया जाएगा ।
पिछड़े जिले में शुमार खगड़िया ने स्वच्छता के क्षेत्र में इतिहास रचा है। बता दें कि बिहार में खुले में शौच से मुक्त पहली पंचायत खगडि़या जिले के गोगरी प्रखंड की रामपुर पंचायत है। अब विशिष्ट स्वच्छता बरतने के कारण गोगरी प्रखंड के उसरी मध्य विद्यालय का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। इसके पूर्व गोगरी प्रखंड के तीन विद्यालयों समेत जिले के छह विद्यालयों को 29 अगस्त को स्वच्छता के लिए राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया गया है। गोगरी प्रखंड के मध्य विद्यालय उसरी के प्रधानाध्यापक विजय कुमार निराला ने बताया कि मध्य विद्यालय उसरी को राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार की सूची में शामिल किया गया है। इस स्तरीय पुरस्कार के लिए बिहार के सिर्फ तीन विद्यालयों के चयन हुए हैं। राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार के लिए इसका चयन होना हमलोगों के लिए गौरव की बात है। पुरस्कार ग्रहण करने की संभावित तिथि दो अक्टूबर बताई गई थी। परंतु, इसकी विधिवत सूचना अबतक प्राप्त नहीं हुई है।
=======
क्या है स्वच्छता पुरस्कार 2017
स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इसके चयन के लिए सघन जांच-परख की जाती है। ऑनलाइन सर्वे के साथ-साथ अधिकारी स्थलीय सर्वे करते हैं। इस बार जांच में स्वच्छता, माहौल व सुव्यवस्था में 90 से अधिक अंक लाने वाले विद्यालय राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित किए गए।