विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खगड़िया: 'पापा विनीत बाबू का ख्याल रखिएगा; मैं मजबूर हूं', सुसाइड नोट छोड़ युवक लापता

Published: Wed, 02 Sep 2026 09:19 PM (IST)

बेलदौर में बीपी मंडल सेतु से एक युवक प्रीतम कुमार लापता हो गया, जहां उसकी बाइक और कर्ज के दबाव ...और पढ़ें

'पापा विनीत बाबू का ख्याल रखिएगा; मैं मजबूर हूं', सुसाइड नोट छोड़ युवक लापता

'पापा विनीत बाबू का ख्याल रखिएगा; मैं मजबूर हूं', सुसाइड नोट छोड़ युवक लापता

HighLights

  1. बीपी मंडल सेतु से लापता हुआ युवक प्रीतम कुमार।

  2. बाइक की डिक्की से मिला सुसाइड नोट और मोबाइल।

  3. कर्ज के अत्यधिक दबाव में आत्महत्या की आशंका।

संवाद सूत्र, बेलदौर (खगड़िया)। "विनीता, बाबू का ख्याल रखिएगा। पापा, आप कहते थे कि मैं हमेशा घर पर ही रहता हूं... अब घर नहीं आऊंगा। पापा, मैं मजबूर हूं। ब्याज का रुपया चुकाने के बाद भी कर्जदार और पैसों के लिए दबाव बना रहे हैं। मैं परेशान हो चुका हूं। कल भी सुसाइड करने के बारे में सोचा था, दरवाजे के पंखे से लटकना चाहा, पर नहीं कर सका।"

यह बातें लापता युवक प्रीतम कुमार की बाइक की डिक्की से मिले एक सुसाइड नोट में लिखी थीं।

जानकारी के अनुसार, बेलदौर पुलिस ने बीते मंगलवार की रात गश्त के दौरान एनएच-107 स्थित बीपी मंडल सेतु से लावारिस हालत में एक बाइक बरामद की। तलाशी के दौरान पुलिस को बाइक की डिक्की से मोबाइल और यह नोट मिला।

खोजबीन करते हुए युवक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बरामद बाइक महेशखूंट थाना क्षेत्र के राजधाम निवासी प्रीतम कुमार की है, जो खांडो धार के पास एक वाहन वॉशिंग सेंटर चलाता था।

परिजनों के मुताबिक, प्रीतम मंगलवार रात करीब 8:30 बजे खाना खाने के बाद यह कहकर बाइक से निकला था कि वह वॉशिंग सेंटर पर बल्ब जलाकर लौट आएगा।

जब तीन घंटे बाद भी वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में उसके मोबाइल पर फोन किया। फोन की घंटी बजती रही, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसी बीच बेलदौर पुलिस को बीपी मंडल सेतु पर उसकी लावारिस बाइक मिली।

सुसाइड नोट में अलग-अलग लोगों द्वारा कर्ज का अत्यधिक दबाव बनाए जाने के कारण आत्महत्या करने की बात लिखी है। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने बीपी मंडल सेतु से उफनती कोसी नदी में छलांग लगा दी, जिससे वह लापता हो गया और बाइक पुल पर ही छूट गई।

बुधवार को खबर लिखे जाने तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि बीपी मंडल सेतु से एक लावारिस बाइक, सुसाइड नोट और मोबाइल बरामद हुआ है। अत्यधिक कर्ज के दबाव में आत्महत्या करने की बात सामने आई है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।