मुंगेर विश्वविद्यालय : खगड़िया की शिल्पी बनीं हिंदी में यूनिवर्सिटी टॉपर, शिवानी को बीएससी बायोटेक में मिला गोल्ड मेडल
मुंगेर विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में खगड़िया जिले की दो छात्राओं, शिल्पी कुमारी और शिवानी कुमारी ने स्वर्ण पदक ...और पढ़ें

मुंगेर विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में गोगरी की शिल्पी और नयागांव की शिवानी को कुलपति ने दिया स्वर्ण पदक
HighLights
शिल्पी कुमारी हिंदी में बनीं मुंगेर विश्वविद्यालय की टॉपर।
शिवानी कुमारी ने बीएससी बायोटेक्नोलॉजी में जीता स्वर्ण पदक।
नीतीश कुमार ने संस्कृत में कांस्य पदक हासिल किया।
संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया)। खगड़िया जिले की माटी के प्रतिभावान युवाओं ने एक बार फिर शिक्षा और मेधा के क्षेत्र में अपनी सफलता का परचम लहराया है। मुंगेर विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में खगड़िया जिले की दो होनहार बेटियों ने पूरे विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) पर कब्जा जमाया।
इसके साथ ही जिले के एक छात्र ने भी संस्कृत विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) हासिल किया है। इस दोहरी-तीहरी सफलता की खबर मिलते ही परिजनों के साथ-साथ पूरे खगड़िया जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
गोगरी की शिल्पी बनीं हिंदी यूनिवर्सिटी टॉपर, मिला गोल्ड मेडल
नगर परिषद गोगरी-जमालपुर के उप चेयरमैन राजेश कुमार पंडित की मेधावी पुत्री शिल्पी कुमारी ने स्नातकोत्तर (PG) हिंदी विषय में मुंगेर विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर 'यूनिवर्सिटी टॉपर' बनने का गौरव हासिल किया।
दीक्षांत समारोह के भव्य मंच पर मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय कुमार ने शिल्पी कुमारी को मंच पर आमंत्रित कर प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक और उपाधि पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। शिल्पी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उनके परिवार और गोगरी इलाके में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
परबत्ता की शिवानी ने बीएससी बायोटेक में मारी बाजी, गांव में जश्न
इसी क्रम में परबत्ता प्रखंड के नयागांव गोढ़ियासी निवासी रंजन कुमार मंडल की पुत्री शिवानी कुमारी ने बीएससी (B.Sc) बायोटेक्नोलॉजी विषय में विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। शिवानी को भी दीक्षांत समारोह में कुलपति के हाथों गोल्ड मेडल देकर अलंकृत किया गया।
शिवानी की इस स्वर्णिम सफलता की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव नयागांव पहुंची, परिजनों और ग्रामीणों के बीच जश्न की लहर दौड़ गई। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बेटी की सफलता पर खुशी जताई।
नीतीश ने संस्कृत में जीता कांस्य पदक, मेहनत ने रचा इतिहास
वहीं दूसरी ओर, नगर पंचायत परबत्ता के इंदिरा नगर (रूपोहली) निवासी लक्ष्मण राय के पुत्र नीतीश कुमार ने संस्कृत विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। तीनों विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता ने यह साबित कर दिया है कि लगन, दृढ़ संकल्प और निरंतर अध्ययन के बल पर ग्रामीण व छोटे शहरों से आने वाले मेधावी छात्र भी बड़ी मुकाम हासिल कर सकते हैं।
स्थानीय जन प्रतिनिधियों, शिक्षकों और बुद्धिजीवियों ने शिल्पी कुमारी, शिवानी कुमारी और नीतीश कुमार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
