खगड़िया की बदलेगी सूरत: 5 प्रमुख सड़कों के लिए 12 करोड़ की DPR तैयार, जल्द शुरू हो सकता है निर्माण
खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल की पहल पर ग्रामीण कार्य विभाग ने पांच महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजे हैं।

5 प्रमुख सड़कों के लिए 12 करोड़ की DPR तैयार (AI Generated Image)
HighLights
विधायक बबलू मंडल की पहल से सड़कें बनेंगी।
पांच महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के डीपीआर तैयार।
खगड़िया के ग्रामीण इलाकों में आवागमन होगा बेहतर।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। खगड़िया सदर से जदयू विधायक बबलू कुमार मंडल की लगातार पहल और विभागीय स्तर पर किए गए प्रयासों के बाद ग्रामीण कार्य विभाग ने विभिन्न महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण की दिशा में प्रक्रिया तेज कर दी है।
विभाग द्वारा पांच अलग-अलग सड़क परियोजनाओं के लिए डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए विभाग को भेज दिया गया है। अब इन योजनाओं को तकनीकी स्वीकृति मिलने का इंतजार है। तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होते ही सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।
इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से सदर प्रखंड, मानसी सहित जिले के कई ग्रामीण इलाकों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
ग्रामीण कार्य विभाग ने सदर प्रखंड के भदास पंचवटी चौक से बछौता तक सड़क निर्माण के लिए करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये का डीपीआर तैयार कर विभाग को भेजा है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
ग्रामीण इलाकों को मुख्य सड़क से जोड़ने में भी यह मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसी क्रम में बखरी-खगड़िया पथ से त्रिभुवन टोला भाया सौराय डीह तक सड़क निर्माण के लिए करीब पांच करोड़ दो लाख रुपये का डीपीआर तैयार किया गया है। यह प्रस्तावित सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण संपर्क सड़क होगी।
मथार पंचायत में पंचायत भवन से मथार पूर्वी टोला तक सड़क निर्माण के लिए भी विभाग ने करीब एक करोड़ 83 लाख रुपये का डीपीआर तैयार किया है। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्या को देखते हुए इस योजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मानसी प्रखंड क्षेत्र में भी दो महत्वपूर्ण सड़क योजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। एनएच-31 बजरंगबली चौक से चुकती- मानसी होते हुए आरइओ पथ तक सड़क निर्माण के लिए करीब दो करोड़ 59 लाख रुपये का डीपीआर तैयार कर विभाग को भेजा गया है।
वहीं, चुकती- मानसी रोड से भाया स्वर्गीय जगदेव यादव के घर, राजाजान बासुदेव प्रसाद के घर होते हुए वाटर वेज बांध तक पीसीसी सड़क निर्माण के लिए करीब एक करोड़ 24 लाख रुपये का डीपीआर तैयार किया गया है। पीसीसी सड़क बनने से स्थानीय लोगों को विशेष रूप से बरसात के दिनों में आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक बबलू कुमार मंडल ने बताया कि क्षेत्र की सड़कों की समस्या को लेकर वे लगातार गंभीर रहे हैं। उन्होंने इन सड़कों के निर्माण को लेकर कई बार विभागीय मंत्री को पत्र लिखकर मांग रखी तथा स्वयं पटना जाकर मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों से मुलाकात कर योजनाओं को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
विधायक के लगातार प्रयास के बाद ग्रामीण कार्य विभाग ने इन योजनाओं पर सक्रियता दिखाते हुए डीपीआर तैयार कर विभाग को भेजने की कार्यवाही की है।
इन पांचों योजनाओं के डीपीआर विभाग को भेजे जाने के बाद अब तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकेगा।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि विभागीय प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और वर्षों से अपेक्षित इन सड़कों का निर्माण जमीन पर दिखाई देगा। खगड़िया के ग्रामीण इलाकों में आधारभूत संरचना के विकास को नई गति मिलेगी।
