विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खगड़िया: MDM में सांप जैसा कीड़ा मिलने पर कार्रवाई, महिला प्रिंसिपल सस्पेंड; 4 रसोइयों की सेवा समाप्त

Published: Sat, 25 Jul 2026 08:56 AM (IST)

खगड़िया के कन्या मध्य विद्यालय भुतौली-मालपा में मध्याह्न भोजन में सांप जैसा कीड़ा मिलने के बाद हड़कंप मच गया।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. मध्याह्न भोजन में सांप जैसा कीड़ा मिलने से हड़कंप।

  2. प्रधानाध्यापिका निलंबित, चार रसोइयों की सेवा समाप्त।

  3. रसोईघर में गंदगी और लापरवाही की जांच में पुष्टि।

जागरण संवाददाता, खगड़िया। चौथम प्रखंड अंतर्गत कन्या मध्य विद्यालय भुतौली- मालपा में गुरुवार को मध्याह्न भोजन में सांप जैसा कीड़ा मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इसके बाद शिक्षा विभाग एक्शन मोड में है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उक्त विद्यालय की प्रधानाध्यापिका संजुला कुमारी को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में प्रधानाध्यापिका का मुख्यालय मानसी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है।

इस बड़ी लापरवाही को लेकर मध्याह्न भोजन योजना के जिला कार्यक्रम प्रबंधक से भी जवाब-तलब किया गया है। प्रखंड साधन सेवी बचनदेव कुमार के मानदेय से 25 प्रतिशत कटौती के आदेश दिए गए हैं।

वहीं उक्त विद्यालय की रसोइया सह सहायक सुलेखा देवी, मनोरमा देवी, अनिला देवी और नीलम देवी की गलतियां पाते हुए सेवा समाप्त करते हुए नए सिरे से चयन को लेकर आदेश दिए गए हैं।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि अन्य अधीनस्थों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की प्रकिया अपनाई गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद जांच को लेकर दो सदस्यीय टीम गठित की गई।

कार्यक्रम प्रबंधक मध्याह्न भोजन योजना और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी चौथम द्वारा संयुक्त रुप से जांच की गई। सामने आया कि प्रधानाध्यापिका द्वारा उक्त योजना में जलावन के रूप में बलड़ी (मक्के के पौधे के सूखे हुए डंठल) का प्रयोग किया जा रहा था।

रसोई सह भंडारगृह में साफ- सफाई का घोर अभाव पाया गया। भंडार गृह में यत्र- तत्र चावल फैला हुआ पाया गया। रोशनी का घोर अभाव था। मालूम हो कि गुरुवार को उक्त स्कूल के एक बच्चे के भोजन में सांप जैसा कीड़ा मिलने से अफरातफरी मच गई थी। कई बच्चों को चौथम सीएचसी में भर्ती कराया गया था।

यह भी पढ़ें- खगड़िया: मिड-डे मील की थाली में दिखा 'सांप का बच्चा', 170 से ज्यादा बच्चों की तबीयत बिगड़ी