खगड़िया रेलवे जंक्शन : 34 करोड़ से बदल रहा स्टेशन का स्वरूप; प्लेटफॉर्म पर यात्री शेड का विस्तार, 100 मीटर बढ़े 2 व 3
खगड़िया जंक्शन का 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत 34 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प हो रहा है, जिसमें ...और पढ़ें

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर 48 मीटर में शेड का काम पूरा; धूप व बारिश से मिली राहत
HighLights
खगड़िया जंक्शन का 34 करोड़ से हो रहा आधुनिकीकरण।
प्लेटफॉर्म पर यात्री शेड और रूफिंग का विस्तार कार्य जारी।
100 मीटर प्लेटफॉर्म ऊंचीकरण, 12 मीटर FOB और रैंप निर्माण।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। पूर्व मध्य रेलवे के खगड़िया जंक्शन का स्वरूप 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत पूरी तरह बदल रहा है। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से जंक्शन का कायाकल्प और आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
इसी कड़ी में अब जंक्शन के विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर बहुप्रतीक्षित यात्री शेड के विस्तार और रूफिंग का कार्य तेजी से शुरू हो गया है, जिससे दैनिक रेल यात्रियों और लंबी दूरी के मुसाफिरों ने बड़ी राहत की सांस ली है। अमृत भारत योजना के तहत खगड़िया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-1, 2 और 3 पर यात्री शेड का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
मानसी व बरौनी साइड में बढ़ रहा शेड का दायरा
यात्री शेड विस्तार योजना के तहत प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पूर्वी भाग (मानसी छोर) में 48 मीटर और पश्चिमी भाग (बरौनी छोर) में 32 मीटर हिस्से में नए शेड का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्लेटफॉर्म संख्या-2 एवं 3 के पश्चिमी भाग (बरौनी साइड) में 144 मीटर के विशाल हिस्से में यात्री शेड लगाया जाना है।
उल्लेखनीय है कि शेड निर्माण के लिए फाउंडेशन और पिलर लगाने का कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया था, लेकिन पिलर के ऊपर शेड (छत) नहीं लगने के कारण भीषण गर्मी और बरसात में यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही थी। अब प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पूर्वी छोर पर 48 मीटर में शेड की छत का कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे सावन की उमस भरी गर्मी और तेज बारिश से यात्रियों को सीधी राहत मिल रही है।
एक माह में पूरा होगा बाकी शेड का निर्माण
निर्माण कार्य से जुड़े संवेदक दिनकर कुमार ने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पूर्वी हिस्से का कार्य पूरा होने के बाद अब शेष हिस्सों में काम तेज कर दिया गया है। आगामी एक माह के भीतर प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पश्चिमी भाग और प्लेटफॉर्म संख्या-2 व 3 के 144 मीटर पश्चिमी हिस्से में भी यात्री शेड लगाने का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाएगा।
प्लेटफॉर्म 2 व 3 के 100 मीटर हिस्से का हुआ ऊंचीकरण, लगीं टाइल्स
खगड़िया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 एवं 3 की लंबाई कम होने के कारण लंबी दूरी की 22 से 24 कोच वाली ट्रेनों के कई डिब्बे प्लेटफॉर्म से बाहर खड़े होते थे, जिससे यात्रियों को ट्रेन पर चढ़ने-उतरने में भारी जोखिम और परेशानी का सामना करना पड़ता था।
यात्रियों की इस समस्या को दूर करते हुए प्लेटफॉर्म संख्या-2 व 3 के पश्चिमी हिस्से में 100 मीटर की अतिरिक्त लंबाई में प्लेटफॉर्म का ऊंचीकरण (High-Level Raising) कर दिया गया है। साथ ही उस पर आधुनिक पेवर ब्लॉक व टाइल्स लगाने का काम भी पूरा हो गया है, जिससे यात्रियों का आवागमन अब सुरक्षित और सुगम हो गया है।
12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज और रैंप निर्माण ने पकड़ी रफ्तार
जंक्शन के पश्चिमी भाग (बरौनी साइड) में यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए 12 मीटर चौड़े अत्याधुनिक फुट ओवर ब्रिज (FOB) का निर्माण कराया जा रहा है। इस विशाल फुट ओवरब्रिज के दक्षिणी हिस्से को रैंप (Ramp) से जोड़ा जा रहा है, ताकि बुजुर्गों, दिव्यांगों और भारी सामान वाले यात्रियों को सीढ़ियां चढ़ने की मशक्कत न करनी पड़े।
रैंप का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। निर्माण से जुड़े संवेदक शिवम कुमार ने बताया कि रैंप का स्ट्रक्चर कार्य अंतिम चरण में है और इसे बहुत जल्द पूरा कर यात्रियों के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।
