खगड़िया: बागमती की बाढ़ से घिरे गांव में सावन पूजा का प्रसाद खाने से 50 लोग बीमार; नाव व एंबुलेंस से पहुंचे अस्पताल
खगड़िया के हियादपुर गांव में सावन की दूसरी सोमवारी पर पूजा का प्रसाद खाने से 50 से अधिक लोग फूड ...और पढ़ें
-1786426965990_m.webp)
मानसी के हियादपुर में सुबोध चौधरी के घर पूजा के बाद दूध-केला का प्रसाद खाने से देर रात लोगों को होने लगी उल्टी-दस्त
HighLights
खगड़िया में सावन पूजा प्रसाद खाने से 50 से अधिक बीमार।
बाढ़ से घिरे हियादपुर गांव में फूड पॉइजनिंग का मामला।
नाव और एंबुलेंस से बीमारों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र अंतर्गत अमनी पंचायत के हियादपुर (वार्ड नंबर-एक) गांव में सावन की दूसरी सोमवारी के मौके पर बड़ा हादसा हो गया। गांव में पूजा का प्रसाद खाने से चार दर्जन (50) से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार होकर गंभीर रूप से बीमार पड़ गए।
उल्लेखनीय है कि हियादपुर गांव वर्तमान में बागमती नदी की बाढ़ के पानी से चारों तरफ से घिरा हुआ है, हालांकि पानी अभी घरों के भीतर प्रवेश नहीं कर सका है।
दूध-केला का प्रसाद खाते ही बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हियादपुर गांव निवासी सुबोध चौधरी के घर पर सावन की दूसरी सोमवारी को विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया था। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों के बीच दूध और केला से बना प्रसाद बांटा गया।

रात नौ बजे से शुरू हुई उल्टी
प्रसाद ग्रहण करने के बाद रात करीब नौ बजे से अचानक लोगों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या बढ़ने लगी, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।
नाव और एंबुलेंस के जरिए मरीजों को पहुंचाया गया सदर अस्पताल
घटना के बाद अमनी पंचायत के मुखिया विरन सदा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सदर अस्पताल खगड़िया को सूचना दी। बाढ़ का पानी होने के कारण गांव से मुख्य मार्ग तक जाने में भारी परेशानी हुई। किसी तरह मोटरचालित नावों के जरिए बीमार लोगों को पंचायत मुख्यालय अमनी लाया गया, जहां से सदर अस्पताल द्वारा भेजी गई एंबुलेंस से मरीजों को खगड़िया सदर अस्पताल भेजा गया।
-1786427000912.webp)
सदर अस्पताल प्रबंधक प्रणव कुमार ने बताया कि अब तक चार दर्जन से अधिक लोगों को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है और और भी मरीजों के आने की संभावना को देखते हुए दोबारा एंबुलेंस भेजी गई है। वहीं, कुछ लोगों का स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार चल रहा है। मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया है।
