खगड़िया में दर्जी की बेटी हेमलता का कमाल, ICAR PG परीक्षा में हासिल की 24वीं रैंक
हेमलता कुमारी ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद पीजी परीक्षा-2026 में ऑल इंडिया रैंक 24 हासिल कर खगड़िया का नाम रोशन किया है।

हेमलता कुमारी। (फाइल फोटो)
HighLights
हेमलता कुमारी ने ICAR PG परीक्षा में 24वीं रैंक प्राप्त की।
खगड़िया के परबत्ता की बेटी ने क्षेत्र को गौरवान्वित किया।
दर्जी माता-पिता की बेटी ने सीमित संसाधनों में सफलता पाई।
संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया)। मेहनत, लगन और हौसले के दम पर नगर पंचायत परबत्ता के करना गांव की बेटी हेमलता कुमारी ने अपनी सफलता से पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से आयोजित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद पीजी परीक्षा-2026 के रैंक कार्ड जारी होने के बाद हेमलता की उपलब्धि सामने आई है।
उन्होंने 480 में 331 अंक हासिल किए हैं। ऑल इंडिया रैंक 24 है। उनका विषय फिजिकल साइंस है। हेमलता नगर पंचायत परबत्ता अंतर्गत करना निवासी उमेश कुमार सिंह एवं संजू देवी की पुत्री हैं।
उन्होंने केएमडी कॉलेज, परबत्ता से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की, जबकि स्नातक की डिग्री उत्तर प्रदेश से हासिल की। इसके बाद कृषि क्षेत्र में उच्च शिक्षा का सपना लेकर उन्होंने आईसीएआर पीजी परीक्षा में हिस्सा लिया और शानदार अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
माता-पिता हैं दर्जी
खास बात यह है कि हेमलता के माता-पिता टेलरिंग यानी कपड़े सिलने का काम करते हैं। सीमित साधनों के बीच बेटी ने अपनी मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का संदेश है।
परीक्षा में सफलता के बाद हेमलता को देश के विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों में मास्टर डिग्री में प्रवेश का अवसर मिलेगा। उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है।
परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने हेमलता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। हेमलता की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती—मेहनत और लगन हो तो छोटे गांव से निकलकर भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।
