दियारा की सड़क को काट रही है गंगा
गंगा के जलस्तर में वृद्धि जारी है। गंगा और बूढ़ी गंडक खतरे के निशान के करीब है। खगड़िया के अघोरी स्थान के पास बूढ़ी गंडक खतरे के निशान से मात्र 0.25 सेंटीमीटर नीचे है।
दियारा की सड़क को काट रही है गंगा
जागरण संवाददाता, खगड़िया : गंगा के जलस्तर में वृद्धि जारी है। गंगा और बूढ़ी गंडक खतरे के निशान के करीब है। खगड़िया के अघोरी स्थान के पास बूढ़ी गंडक खतरे के निशान से मात्र 0.25 सेंटीमीटर नीचे है। जबकि गंगा खगड़िया के खारा धार स्लूस गेट के पास खतरे के निशान से मात्र 0.19 सेंटीमीटर नीचे है। दोनों नदी की टेंडेंसी बढ़ने की है।
गंगा तबाही मचाने को आतुर है। गंगा रहीमपुर दक्षिणी पंचायत के मथार, सोनवर्षा, सोसायटी टोला, इंग्लिश टोला सहित कई गांवों को जोड़ने वाली सड़क को अपने गर्भ में सामने को आतुर है। सड़क गंगा कटाव की जद में है। इधर शुक्रवार को पूर्व नगर सभापति सह राजद नेता मनोहर कुमार यादव ने कटाव स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि मथार गांव को जोड़ने वाली निर्माणाधीन सड़क पर गंगा के पानी का दबाव है। गंगा बढ़ रही है और कटाव कर रही है। अगर यह सड़क कट जाती है तो 50 हजार की आबादी को जिला मुख्यालय आने-जाने में परेशानी होगी। रहीमपुर दक्षिणी पंचायत के ग्रामीण रात में इस निर्माणाधीन सड़क की सुरक्षा को लेकर पहरा दे रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन की इस बात को लेकर तारीफ की, कि, कटाव रोकने के लिए प्रयास हो रहा है। लेकिन गति धीमी है। कटाव को रोकने के लिए तेज गति से कटाव निरोधी कार्य करने की जरूरत है। साथ ही रात में सड़क को कोई असामाजिक तत्व काट न दे, उसके लिए पुलिस बल की तैनाती की जाए। इस मौके पर नगर पार्षद रणवीर कुमार, उपमुखिया रमाकांत दास, राजद दलित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष किशोर दास, राजद मजदूर प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रंजीत दास, राजद नेता कुंजबिहारी पासवान आदि मौजूद थे।