विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार: सरकारी स्कूलों का वीडियो बनाना पड़ा भारी, खगड़िया में CJP कार्यकर्ताओं के खिलाफ थाने में शिकायत 

Published: Fri, 21 Aug 2026 11:25 AM (GMT+05:30)

खगड़िया के परबत्ता में काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सदस्यों द्वारा school thik karo campaign के तहत विद्यालयों में वीडियो बनाने और अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है।

स्कूल में हंगामा। फोटो जागरण

स्कूल में हंगामा। फोटो जागरण

HighLights

  1. CJP सदस्य खगड़िया के विद्यालयों में वीडियो बनाते हुए पकड़े गए।

  2. प्रधानाध्यापकों ने सरकारी काम में बाधा डालने की शिकायत दर्ज कराई।

  3. परबत्ता पुलिस मामले की जांच कर रही है, कार्रवाई की मांग।

संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया)। काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चला रही है। इधर खगड़िया के परबत्ता प्रखंड में एक मामला सामने आया है, जिसमें काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और विद्यालय प्रबंधन एक तरह से आमने-सामने हैं।

मामला खीराडीह पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय खीराडीह और मध्य विद्यालय खीराडीह पूरब से जुड़ा हुआ है। दोनों विद्यालय एक ही कैंपस में हैं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कुछ लोग विद्यालय पहुंचे और वीडियो बनाने लगे।

उत्क्रमित उच्च विद्यालय खीराडीह के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार भारती के अनुसार पहले तीन की संख्या में लोग पहुंचे, ये सभी ग्रामीण थे। जिनमें भरत कुमार, नीलू कुमारी और नीतीश कुमार शामिल हैं।

ये अचानक आकर विद्यालय में वीडियो बनाने लगे। पूछे जाने पर अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी। सभी अपने को काकरोच जनता पार्टी का बता रहे थे।

इसके साथ ही कुछ देर बाद एक चार चक्का वाहन से कुछ और लोग विद्यालय पहुंच गए। ये भी वीडियो बनाने लगे। पूछे जाने पर आक्रोश में आकर कहा कि हम काकरोच जनता पार्टी के हैं।

थाने में दर्ज कराई शिकायत

प्रधानाध्यापक के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से विद्यालय परिसर में आकर वीडियो बनाकर वायरल किया जा रहा है। इससे विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

प्रधानाध्यापक ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, आर्थिक दोहन करने तथा धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

उत्क्रमित उच्च विद्यालय खीराडीह के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार भारती और मध्य विद्यालय खीराडीह पूरब के प्रधान शिक्षक संगीता कुमारी ने संयुक्त रूप से परबत्ता थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है।

आवेदन में इन लोगों को असामाजिक तत्व बताया है। पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा विद्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि 112 पुलिस को डायल करने के बाद पुलिस अधिकारी पहुंचे और मामला शांत हुआ। आवेदन के साथ शिक्षकों एवं छात्रों के हस्ताक्षर की सूची भी संलग्न है।

जांच में जुटी पुलिस 

इधर परबत्ता थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि आवेदन मिला है। मामले की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है। वहीं परबत्ता के प्रभारी बीइओ रजनीश कुमार ने बताया कि सूचना मिली है।

मामले की जांच की जाएगी, जबकि अपने को काकरोच जनता पार्टी का बताने वाले भरत के मोबाइल नंबर पर जब कॉल किया गया, तो रिंग होता रहा, पर रिसीव नहीं किया गया। जिससे उनका पक्ष नहीं जाना जा सका।

यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों से लूटपाट के आरोपी एजाज उर्फ नाढ़ा ने किया सरेंडर, बिहार के कई थानों में दर्ज हैं मामले