यह खेल मैदान नहीं कचरा डंपिग स्पॉट है
खगड़िया। मध्य विद्यालय महेशखूंट (टू) का खेल मैदान आज की तारीख में कचरा डंपिग स्पॉट बनकर
खगड़िया। मध्य विद्यालय महेशखूंट (टू) का खेल मैदान आज की तारीख में कचरा डंपिग स्पॉट बनकर रह गया है। इससे विद्यार्थियों को खेल-कूद में परेशानी का सामना करना पड़ता है। पोषक क्षेत्र के अभिभावकों ने इस ओर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। अभिभावकों के अनुसार विद्यालय प्रबंध समिति एवं प्रधानाध्यापक की उदासीनता के कारण आज यह मैदान कचरा डंपिग स्पॉट बनकर रह गया है।
मैदान में हर तरफ केवल कचरा ही कचरा नजर आता है। साफ-सफाई को लेकर किसी स्तर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यहां शौचालय भी विद्यार्थियों के लिए बेकार साबित हो रहा है। शौचालय में कचरा व गंदगी का अंबार है। जिस कारण इसका उपयोग नहीं हो रहा है। कचरे की बदबू से विद्यार्थी एवं शिक्षक परेशान रहते हैं। इस रास्ते से गुजरने वाले नाक पर रूमाल रखने को विवश हैं।
महेशखूंट बाजार की मुख्य सड़क के किनारे विद्यालय के पास ही 12 कट्ठे का मैदान है। देखरेख के अभाव में यह अतिक्रमण का भी शिकार है। पूर्व के प्रधानाध्यापक ने जब मापी करवाई, तो मात्र आठ कट्ठा जमीन निकाला। कहने का मतलब मैदान की चार कट्ठे जमीन अतिक्रमित है। सड़क की ओर से मैदान की चारदीवारी भी तहस-नहस है।
इस संबंध में प्रधानाध्यापक सुधा कुमारी ने कहा कि कचरा फेंकने को लेकर उनके द्वारा मना किया जाता है, परंतु स्थानीय लोगों का सहयोग नहीं मिल रहा है। जबकि महेशखूंट पंचायत की मुखिया ममता देवी ने कहा कि शिक्षा समिति व प्रधानाध्यापक सुधा कुमारी की ओर से इसकी जानकारी नहीं दी गई है। जानकारी लेने बाद ही इस दिशा में पहल की जाएगी।