आपकी अदालत में आया हूं, न्याय कीजिएगा: तेजस्वी यादव
खगड़िया। माड़र दक्षिणी के रणखेत मैदान में शनिवार को तपती दोपहरी में चुनावी सभा को संबोि
खगड़िया। माड़र दक्षिणी के रणखेत मैदान में शनिवार को तपती दोपहरी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सूबे के सीएम नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। उनके निशाने पर पीएम नरेंद्र मोदी भी रहे। इस मौके पर खगड़िया लोकसभा क्षेत्र से महागठबंधन के विकासशील इंसान पार्टी के उम्मीदवार मुकेश सहनी, राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा भी मौजूद थे।
नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नीतीश चाचा ने महागठबंधन में आने के वक्त कहा था कि मिट्टी में मिल जाएंगे, लेकिन भाजपा में नहीं जाएंगे। उन्होंने ही भाजपा को 'भारत जलाओ पार्टी' कहा था। लेकिन आज वे प्रधानमंत्री से इतने सहमे हुए हैं कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग भी नहीं करते।
उन्होंने कहा कि गलत काम करने वाले ही डरते हैं। नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा कि, कहते हैं शराबंबदी कराई, लेकिन आज शराब की होम डिलेवरी हो रही है। फिर कैसी शराबबंदी। यह नशामुक्ति के लिए नहीं, गरीबों को जेल में बंद करने की साजिश थी। उन्होंने भाजपा पर लालू यादव को साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता की अदालत में न्याय मांगने आया हूं।
क्योंकि जनता की अदालत में न कोई तारीख तय होती है और न ही कोई सुनवाई होती है, लेकिन सीधा फैसला होता है। इसलिए आपकी अदालत में आया हूं। न्याय कीजिएगा। तेजस्वी ने पीएम नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए 'अच्छे दिन' की याद दिलाई। कहा, कहां दो करोड़ लोगों को
रोजगार मिला। स्मार्ट सिटी और मेक इन इंडिया का क्या हुआ? कहा, अगर फिर मोदी की सरकार बनी, तो आरक्षण खत्म हो जाएगा और सारी नौकरियां चली जाएगी। तेजस्वी यादव ने महागठबंधन के उम्मीदवार मुकेश सहनी को जीताने की अपील की। जबकि महागठबंधन के उम्मीदवार मुकेश सहनी ने अपने 37 सूत्री संकल्प सह घोषणा-पत्र का उल्लेख करते हुए केंद्र और राज्य सरकार को घेरा। इस मौके पर राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद मनोज झा ने कहा कि अगर देश को बचाना है, तो एनडीए को हराना होगा।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुमार भानु प्रताप उर्फ गुड्डू पासवान, राजद नेत्री उर्मिला ठाकुर, माले के जिला सचिव अरुण कुमार दास, हम के जिलाध्यक्ष संजय यादव, राजद के सदर प्रखंड अध्यक्ष विवेकानंद यादव आदि मौजूद थे।