लालू यादव को साजिश के तहत फंसाकर जेल में रखा गया है: तेजस्वी
खगड़िया। लोकसभा चुनाव को लेकर चुनावी प्रचार धीरे-धीरे परवान चढ़ रहा है। भगवान हाईस्कू
खगड़िया। लोकसभा चुनाव को लेकर चुनावी प्रचार धीरे-धीरे परवान चढ़ रहा है। भगवान हाईस्कूल गोगरी के मैदान में बुधवार को आयोजित चुनावी सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। वे खगड़िया लोकसभा से महागठबंधन के विकासशील इंसान पार्टी के उम्मीदवार सन ऑफ मल्लाह मुकेश सहनी के समर्थन में चुनाव सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उपस्थित लोगों से महागठबंधन के प्रत्याशी और वीआइपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी के समर्थन में वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या पार्टी की नहीं है, बल्कि लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण और लालू यादव एवं कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा को बचाने की है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन का साथ दे न्याय कीजिए। उन्होंने महागठबंधन के प्रत्याशी मुकेश सहनी की जीत सुनिश्चित बताते हुए कहा कि वे एडवांस में बधाई देने आए हैं। उन्होंने कहा कि आज देश गलत हाथों में है। अगर फिर भाजपा सत्ता में आई, तो संविधान की जगह आरएसएस का कानून ले आएंगे। इसलिए ऐसी ताकतों से सावधान रहें। कहा, लालू यादव को साजिश के तहत फंसाकर जेल में रखा गया है। उन्हें मानसिक रुप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने शराबबंदी को सही बताया। पर कहा कि यह कैसी बंदी है कि शराब सब जगह मिल रही है। उन्होंने बिहार को बचाने का नारा दिया। वहीं सभा को संबोधित करते हुए प्रत्याशी मुकेश सहनी ने कहा कि हम लालू प्रसाद यादव की विचारधारा पर यह? चुनाव मजबूती से लड़ रहे हैं और बिहार की सभी 40 सीटों पर जीत दर्जकर केंद्र में महागठबंधन की सरकार बनाएंगे। सहनी ने कहा कि आज लड़ाई में एक तरफ एनडीए और पर्दे के पीछे आरएसएस है, तो दूसरी ओर तेजस्वी यादव, राहुल गांधी, उपेंद्र कुशवाहा, जीतनराम मांझी, विकासशील इंसान पार्टी के नेतृत्व में जनता का गठबंधन है। उन्होंने पीएम मोदी को अच्छा चौकीदार नहीं बताया। इस मौके पर राजद के जिलाध्यक्ष संजीव कुमार, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कुमार भानु प्रताप उर्फ गुड्डू पासवान, हम के जिलाध्यक्ष संजय यादव, रालोसपा जिला अध्यक्ष अमित कुमार मंटु, युवा राजद के जिलाध्यक्ष उदय कुमार, पूर्व मंत्री विद्यासागर निषाद, अलौली विधायक चंदन कुमार, राजद नेता प्रफुल्लचंद्र घोष आदि मौजूद थे। इस मौके पर पूर्व जिप उपाध्यक्ष मिथिलेश यादव अपने समर्थकों के संग विकासशील इंसान पार्टी में शामिल हुए।