चुनाव में बड़े पैमाने पर जाली नोट के प्रचलन की बढ़ी संभावना
खगड़िया। लोकसभा चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर जाली नोट के प्रचलन की संभावना बढ़ गई है। अ
खगड़िया। लोकसभा चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर जाली नोट के प्रचलन की संभावना बढ़ गई है। अक्सर ऐसे नोटों को खपाने के लिए नौजवानों का उपयोग किया जा रहा है। वहीं अधिकांश संभावना ऐसे नोटों के प्रचलन को लेकर भीड़- भाड़ वाले इलाके में बढ़ गई है। जानकार लोगों की माने तो पहले भी पर्व त्योहार के मौके पर व्यापक रुप से 50 के जाली नोटों को बाजार में खपाया गया था। जब तक पुलिस को इसकी भनक लगती, जाली नोट के तस्कर गायब हो चुके थे। कई लोगों की माने तो पांच सौ, एक सौ व पचास के नोट फर्जी पाए जा रहे हैं। फल-बीज से लेकर अन्य व्यवसायियों के बीच इसको लेकर हड़कंप मचा हुआ है। सूत्रों का कहना है कि ऐसे जाली नोट देहातों में भी खपाए जा रहे हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि जाली नोट तस्कर दो-चार दिन किसी होटल में ठहरते हैं और युवाओं को जाली नोट खपाने की जिम्मेदारी भी देते हैं। मालूम हो कि हाल ही में सूबे के एक जिले में पांच लाख से अधिक जाली नोट पकड़े गए थे और जाली नोट छापने के मशीन भी जब्त किए गए थे। सूत्रों का यह भी कहना है कि खगड़िया समेत उत्तर बिहार के कई जिलों में जाली नोट तस्कर सक्रिय हो उठा है।
स्टेशन रोड में एक युवक की हुई थी धुनाई
सोमवार की रात शहर के स्टेशन रोड में ठेला पर फल बेचने वाले सदाव सुल्तान को एक युवक एक सौ का जाली नोट देकर फल खरीदने का प्रयास किया। जब सदाव को आशंका हुई तो उस युवक को पकड़ा गया। युवक की पहचान शहर से सटे इस्लामपुर के फैजान के रूप में हुई। माजरा देखकर लोगों की भीड़ लग गई और फैजान की लोगों ने पिटाई आरंभ कर दी। मगर वह मौका पाकर व जाली नोट वहीं फेंककर भागने में कामयाब रहा। मगर यह पता नहीं चल पाया कि फैजान को वह जाली नोट किसने दिया था और कितने जाली नोट उसके पास है। बहरहाल, सही व जाली नोट में मामूली अंतर होने से सब्जी, फल व अन्य सामान बेचने वाले अनपढ़ लोग इसके शिकार लगातार हो रहे हैं। पता तो यह भी चला है कि जो भूल से जाली नोट पाए वे भी उसे बाजार में चलाने के प्रयास में हैं।
कोट
'इस बावत सभी थाना व ओपी अध्यक्षों को आवश्यक आदेश दिए गए हैं। शराब, हथियार व जाली नोट माफिया के खिलाफ लगातार ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। अवैध धंधे में लिप्त लोग चाहे कितना ही ताकतवर क्यों न हो बख्से नहीं जाएंगे।'
मीनू कुमारी, एसपी, खगड़िया।