कन्या से बन गई जननी पर नहीं मिली राशि
खगड़िया। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का लाभ सरकारी अधिकारियों की उदासीनता के कारण ला
खगड़िया। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का लाभ सरकारी अधिकारियों की उदासीनता के कारण लाभुकों को नहीं मिल पा रहा है। हाल यह है कि इस योजना की राशि के इंतजार में पांच वर्ष बीत गए, लेकिन
लाभार्थियों को योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। विडंबना है कि गोगरी में वर्ष 2013 के लाभुकों को भी अब तक राशि नहीं मिली है। अधिकारी आवंटन नहीं होने का रोना रो रहे हैं।
योजना की स्थिति
गोगरी में छह हजार के करीब लाभुक इस योजना की प्रतीक्षा में हैं। वर्ष 2013 के 1691 आवेदकों में 1282 लाभुकों को राशि मिल चुकी है। इसके बावजूद अब भी 409 लाभुकों को राशि नहीं मिली है। वर्ष 2014 के 1033, वर्ष 2015 के 1105, वर्ष 2016 के 786, वर्ष 2017 के 644 एवं वर्ष 2018 के अक्टूबर तक 324 लाभुकों के आवेदन स्वीकृत हैं। लेकिन अब तक योजना की राशि से वंचित हैं।
आवंटन का हाल
आवेदन के अनुरुप राशि का आवंटन नहीं हो रहा है। राशि इतनी कम दी जाती है कि किसी एक साल के लाभुक को भी राशि उपलब्ध नहीं हो पाती है। वर्ष 2017 में मात्र आठ लाख 15 हजार सामान्य घटक, विशेष घटक में छह लाख 10 हजार राशि का आवंटन दिया गया। जो कि वर्ष 2015-16 के आवंटन से ही दी गई थी। 2017 एवं 18 में कोई आवंटन ही नहीं मिला।
क्या कहते हैं बीडीओ
बीडीओ अजय कुमार दास के अनुसार कन्या विवाह योजना में आवंटन नहीं मिल रहा है। आवंटन आने पर सूची के अनुसार राशि का चेक दिया जाता था। अब नए नियम में लाभुक के खाते पर ही राशि जमा होगी। इसलिए लाभुकों से बैंक खाता एवं आधार जमा कराकर ऑन लाइन किया जा रहा है। उसके बाद राशि खाते में भेजी जाएगी।