बिजली बाधित होने पर कैसे होगी बिना केरोसिन की पढ़ाई
खगड़िया। नगर पंचायत क्षेत्र के गरीबों को अपने घरों का अंधेरा मिटाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में गरीब प
खगड़िया। नगर पंचायत क्षेत्र के गरीबों को अपने घरों का अंधेरा मिटाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में गरीब परिवार अंधेरे में जीने को विवश हो रहे हैं। रोशनी बिना विद्यार्थियों का पढ़ाई-लिखाई भी प्रभावित होना स्वाभाविक है। बता दें कि नगर पंचायत क्षेत्र में केरोसिन की आपूर्ति बंद कर दी गई है। जिससे उक्त परेशानी उत्पन्न हुई है। गरीब परिवारों के घर में रोशनी के लिए लालटेन तो दूर ढिबरी जलाना भी मुश्किल है। बिजली सुविधा से वंचित परिवारों में इससे अधिक परेशानी हो रही है।
उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत गोगरी जमालपुर की आबादी 70 हजार के करीब है। यहां बीपीएल परिवारों की संख्या भी दो हजार के आसपास है। गरीबी में जी रहे ऐसे परिवारों के पास न तो बिजली सुविधा है न अन्य साधन।
अनियमित विद्युत आपूर्ति के बीच केरोसिन से भी वंचित हैं लोग
नपं क्षेत्र में 24 घंटे बिजली नहीं मिल रही है। वर्तमान में बिजली की आपूर्ति दस से 12 घंटे ही हो रही है। वहीं, नपं के 30 प्रतिशत लोग अब भी बिजली सुविधा से वंचित हैं। ऐसे में केरोसिन की आपूर्ति बंद होने से लोगों को घरों में रोशनी के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
कालाबाजारी को मिलेगा बल
नपं क्षेत्र में केरोसिन की आवश्यकता के बावजूद इसकी आपूर्ति बंद किए जाने से कालाबाजारी बढ़ेगी। जरूरतमंद लोग केरोसिन तो बाजार से ही खरीदेंगे। इस वक्त बाजार में इसकी कीमत 50 से 60 रुपये प्रति लीटर है।
क्या कहते हैं अधिकारी
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी घनानंद के अनुसार सरकार के विशेष सचिव के निर्देश पर नगर क्षेत्र में केरोसिन की आपूर्ति बंद की गई है। नपं के लिए अब केरोसिन का आवंटन ही नहीं मिलेगा। जबकि, ग्रामीण क्षेत्र में प्रति कार्ड दो लीटर केरोसिन दिए जाएंगे।
कहते हैं एसडीओ संतोष कुमार
शहरी क्षेत्र में केरोसिन की आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है। सरकार के निर्देश का पालन तो करना ही होगा। जहां तक आपूर्ति बंद होने से लोगों की समस्या की बात है, तो इसको लेकर वरीय अधिकारी को अवगत कराएंगे। छात्रों को परेशानी न हो इसका प्रयास किया जाएगा।