बिहार: यहां आम तोड़ने पर मिली मौत की सजा, जानिए पूरा मामला
बिहार में आम तोड़ने की कोशिश करना एक बच्चे को काफी महंगा पड़ा। पहले उसके साथ गाली-गलौच किया गया और फिर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
खगडि़या [जेएनएन]। बिहार के खगडि़या जिले के गोगारी थाना क्षेत्र के शेरगढ़ गांव स्थित एक बगीचे में गुरुवार को खेलने के दौरान पके आम को देख सत्यम कुमार (12) की इच्छा आम खाने की हुई। सत्यम ने आम तोडऩे की कोशिश की।
इसी दौरान बगीचे में मौजूद गांव के ही रामा यादव और सौरभ कुमार ने उसे गाली देते हुए भागने को कहा। सत्यम ने गाली देने का विरोध किया। विरोध करने पर दोनों ने उसे गोली मार दी। गोली सत्यम के सिर में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली की आवाज सुन ग्रामीण जुटे और रामा यादव व सौरभ को पकडऩे का प्रयास किया। परंतु, दोनों आरोपित भागने में सफल रहे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गोगरी थानाध्यक्ष दीपक कुमार यादव, एसआइ सतीश कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में ले लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में मौकनी यादव ने रामा व सौरभ पर गोली मारकर सत्यम की हत्या करने का आरोप लगाया है। हत्याकांड में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापामारी कर रही है।