विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BSNL देगा तेज इंटरनेट और युवाओं को रोजगार; 50% रेवेन्यू शेयरिंग पर 'भारत नेट उद्यमी' बनने का सुनहरा मौका

Published: Sun, 16 Aug 2026 11:09 AM (IST)

बीएसएनएल खगड़िया ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क विस्तार के साथ युवाओं को स्वरोजगार के अवसर दे रहा है। 'भारत नेट उद्यमी' ...और पढ़ें

खगड़िया कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस; 59 बीटीएस टावर चालू, 50 नए का भेजा प्रस्ताव, 7 प्रखंडों में FTTH लीज लाइन सेवा

खगड़िया कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस; 59 बीटीएस टावर चालू, 50 नए का भेजा प्रस्ताव, 7 प्रखंडों में FTTH लीज लाइन सेवा


HighLights

  1. ग्रामीण युवाओं को 'भारत नेट उद्यमी' बनने का सुनहरा अवसर।

  2. 50-50 रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल से मिलेगी स्थायी आमदनी।

  3. स्वतंत्रता दिवस 'फ्रीडम प्लान' और FTTH पर विशेष छूट।

जागरण संवाददाता, खगड़िया। नेटवर्क विस्तार और आधुनिक स्वदेशी तकनीक के साथ भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) अब ग्रामीण क्षेत्रों तक अपनी मजबूत पहुंच बनाने में जुट गया है। उपभोक्ताओं को उच्च गति की निर्बाध कनेक्टिविटी और बेहतर सेवाएं देने के साथ-साथ बीएसएनएल युवाओं के लिए स्वरोजगार का बड़ा अवसर भी लेकर आया है।

शुक्रवार को बीएसएनएल कार्यालय खगड़िया में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में परिचालन क्षेत्र प्रमुख अवधेश कुमार, मंडल अभियंता शशिकांत राम और कनीय दूरसंचार अधिकारी रवींद्र कुमार सिंह ने विभागीय योजनाओं, ऑफर्स और रोजगार पहलों की विस्तृत जानकारी दी।

भारत नेट उद्यमी योजना: 50-50 रेवेन्यू शेयरिंग पर कमाई का मौका

परिचालन क्षेत्र प्रमुख अवधेश कुमार ने बताया कि 'भारत नेट प्रोजेक्ट' के तहत जिले की ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर के रिंग नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है, ताकि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी तीव्र गति का इंटरनेट मिल सके।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को ग्राम पंचायत स्तर पर 'भारत नेट उद्यमी' (BharatNet Udyami) बनाया जा रहा है। इसमें युवाओं को 50-50 प्रतिशत रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर जोड़ा जा रहा है, जिससे वे अपने गांव में ही रहकर स्थायी आमदनी हासिल कर सकें। इच्छुक युवा बीएसएनएल खगड़िया कार्यालय से संपर्क कर इस योजना का सीधा लाभ ले सकते हैं।

स्वतंत्रता दिवस 'फ्रीडम प्लान' और FTTH पर विशेष छूट

अधिकारियों ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत देश भर में स्वदेशी 4G सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में उपभोक्ताओं के लिए विशेष 'फ्रीडम प्लान' और एफआरसी (FRC) रिचार्ज पर आकर्षक रियायती ऑफर पेश किए गए हैं, जिसमें सस्ता डेटा और अनलिमिटेड कॉलिंग शामिल है।

वहीं, 'फाइबर टू द होम' (FTTH) कनेक्शन लेने वाले नए ग्राहकों को इंस्टॉलेशन शुल्क में विशेष छूट और शुरुआती महीनों में अतिरिक्त हाई-स्पीड डेटा का लाभ दिया जा रहा है। खगड़िया जिले के सभी सात प्रखंडों में एफटीटीएच लीज लाइन सेवा सक्रिय रूप से काम कर रही है।

जिले में 59 बीटीएस चालू, 50 नए मोबाइल टावरों का भेजा प्रस्ताव

ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में कॉल ड्रॉप और कमजोर नेटवर्क की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए टावर नेटवर्क को अपग्रेड किया जा रहा है। गोगरी सहित पूरे जिले में वर्तमान में 59 बीटीएस (बेस ट्रांसीवर स्टेशन) चालू स्थिति में हैं, जबकि नेटवर्क क्षमता को दोगुना करने के लिए 50 नए बीटीएस टावरों की स्थापना का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही पूरे जिले में निर्बाध और सुपरफास्ट कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।