नवादा घाट पर बनने वाला पुल का निर्माण कार्य हुआ आरंभ
संवाद सूत्र चौथम (खगड़िया) प्रखंड क्षेत्र से बहने वाली बागमती नदी के नवादा घाट से खरैता घाट
संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया):
प्रखंड क्षेत्र से बहने वाली बागमती नदी के नवादा घाट से खरैता घाट पर पुल निर्माण कार्य बाढ़ की वजह से बंद हो गया था। लेकिन नदी के जलस्तर कम जाने के कारण कंपनी द्वारा कार्य पुन: आरंभ कर दिया गया है। मालूम हो कि पुल का निर्माण हो जाने से दियारा में बसी चार पंचायत रोहियार, सरसवा, बुच्चा व ठुठी मोहनपुर का सीधा संपर्क प्रखंड मुख्यालय से हो जाएगा। लोगों का कहना है कि जिस तरह से कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से निर्माण कार्य किया जा रहा है, समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण होना संभव नहीं दिख रहा है। उक्त पुल का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की ओर से किया जा रहा है। जिसे गणेश राम डोकानियां कंपनी को निविदा के तहत दिया गया है। जानकारी के अनुसार 507.20 मीटर लंबाई में बनने वाले पुल में 21 पाया का निर्माण किया जाएगा। उक्त निर्माण कार्य 56 करोड़ की लागत से कराया जा रहा है।
सहरसा की दूरी होगी कम
पुल के निर्माण हो जाने से दियारा समेत सहरसा की दूरी कम हो जाएगी। वर्तमान में चौथम प्रखंड मुख्यालय से वाहन से सहरसा के लिए 60 से 62 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। लेकिन पुल निर्माण के बाद खरैता घाट पार करने के उपरांत फनगो हाल्ट होते हुए सहरसा की दूरी मात्र 42 किलोमीटर होगी। इसके अलावा दियारा का विकास भी काफी होगा। लोगों का कहना है कि किसानों को पुल बनने के बाद काफी फायदा होगा। किसान अपने अनाज को सीधे मंडी में बेच सकेंगे। अपराध पर लग सकेगा अंकुश
दियारा में फसल बुआई व कटनी के समय सबसे ज्यादा परेशानी किसानों को उठानी पड़ती है। दियारा में छोटे-बड़े कई अपराधी गिरोह सक्रिय है। नदी का फायदा उठाकर फसल लूट व जमीन पर कब्जा को लेकर वर्चस्व की लड़ाई होती है। जबतक पुलिस पहुंचती है तबतक अपराधी अपने मंसूबों में कामयाब हो जाते हैं। लेकिन पुल निर्माण के बाद पुलिस की ओर से नियमित गश्ती होगी। जिससे अपराध व अपराधियों पर अंकुश लग सकेगा। कोट
बाढ़ के कारण कार्य बंद था। पानी घटने पर अब कार्य आरंभ हो गया है। बागमती का जलस्तर कम गया है। बारिश की वजह से कार्य में व्यवधान उत्पन्न हुआ है।
सुनील कुमार, जेई, पुल निर्माण निगम।