विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब‍िहार में शराब तस्कर ने महिला दारोगा का अंगूठा दांत से चबा लिया

Published: Thu, 17 Sep 2026 07:36 PM (IST)

Khagaria Excise Team Attacked: खगड़िया के महेशखूंट में अवैध शराब की छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर तस्करों ...और पढ़ें

Khagaria Excise Team Attacked: खगड़िया के महेशखूंट में शराब तस्करों के घर छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर हमला; दारोगा का अंगूठा दांत से काटा, 6 नामजद

Khagaria Excise Team Attacked: खगड़िया के महेशखूंट में शराब तस्करों के घर छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर हमला; दारोगा का अंगूठा दांत से काटा, 6 नामजद

HighLights

  1. महेशखूंट में अवैध शराब छापेमारी टीम पर जानलेवा हमला हुआ।

  2. महिला दारोगा विष्णु प्रिया का अंगूठा दांत से चबाया गया।

  3. छह नामजद आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज, गिरफ्तारी की तलाश जारी।

संवाद सूत्र, महेशखूंट (खगड़िया)। Khagaria Excise Team Attacked: बिहार में शराबबंदी को सख्ती से धरातल पर उतारने निकली मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम पर धंधेबाजों के दुस्साहस का एक और खौफनाक मामला सामने आया है। महेशखूंट थाना क्षेत्र के पटेल नगर (राजधाम) गांव में अवैध देसी महुआ शराब के भंडारण और बिक्री की गुप्त सूचना पर छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर तस्करों के परिजनों और कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला बोल दिया।

इस हिंसक झड़प में उत्पाद विभाग की दारोगा विष्णु प्रिया गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके सिर, कान और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक युवती द्वारा दांत से चबाए जाने के कारण उनका अंगूठा फ्रैक्चर हो गया है। उनके साथ मौजूद तीन से चार अन्य सिपाही व कर्मी भी चोटिल हुए हैं। आनन-फानन में घायल दारोगा को इलाज के लिए गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दी गई।

ब्रेथ एनालाइजर से जांच करते ही भड़का परिवार, दारोगा पर दांत से हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग खगड़िया को सूचना मिली थी कि पटेल नगर निवासी संजय महतो और धनंजय महतो लंबे समय से अपने घर में देसी महुआ शराब तैयार कर भारी मात्रा में भंडारण करते हैं और रात के अंधेरे में उसकी सप्लाई करते हैं। सूचना की सत्यता जांचने के उपरांत दारोगा विष्णु प्रिया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय संयुक्त टीम गठित कर बुधवार की देर रात छापेमारी के लिए रवाना की गई।

  • खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेल नगर, राजधाम गांव में शराब की सूचना पर छापेमारी करने गई थी 12 सदस्यीय टीम

  • तलाशी के दौरान तस्करों के परिवार ने किया हमला; महिला दारोगा विष्णु प्रिया का दांत से चबाया अंगूठा, सिर और गर्दन पर भी आईं चोटें

  • उत्पाद दारोगा का अंगूठा फ्रैक्चर, तीन-चार अन्य कर्मी भी चोटिल; प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से मिली छुट्टी

  • दारोगा के बयान पर 4 सगे भाइयों सहित परिवार के 6 सदस्यों पर नामजद और अज्ञात पर केस दर्ज; आरोपियों की तलाश में दबिश जारी

टीम जैसे ही चिन्हित घर पर पहुंची और कमरों की तलाशी लेने की कोशिश की, घर के महिला व पुरुष सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान नशे में धुत धनंजय महतो ने घर में रखी देसी शराब को जमीन पर उड़ेल दिया। जब टीम ने उसका ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण करने का प्रयास किया, तो वह उग्र हो गया। इसी बीच घर की महिलाओं और पुरुषों ने दारोगा विष्णु प्रिया पर सीधा हमला बोल दिया। हाथापाई के दौरान आरोपी की पुत्री मुस्कान कुमारी ने दारोगा के हाथ का अंगूठा अपने दांतों से बुरी तरह चबा डाला।

लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, किसी तरह जान बचाकर निकली टीम

अंदर चीख-पुकार मचने पर साथी पुलिसकर्मियों ने किसी तरह दारोगा को तस्करों के चंगुल से छुड़ाकर बाहर निकाला। इसी दौरान बाहर खड़े घर के अन्य सदस्यों और कुछेक असामाजिक तत्वों ने पूरी टीम पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस चौतरफा हमले के बीच उत्पाद विभाग की टीम किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रही।

घटना की पुष्टि करते हुए उत्पाद अधीक्षक खगड़िया मु. सत्तार अंसारी ने बताया कि दारोगा विष्णु प्रिया के बयान पर महेशखूंट थाने में छह नामजद सहित कई अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने, मारपीट और साजिश रचने की संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

4 सगे भाइयों सहित 6 नामजद, पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी

दारोगा के अनुसार, नामजद आरोपी संजय महतो और धनंजय महतो पूर्व में भी शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं। प्राथमिकी में चार सगे भाइयों संजय महतो, धनंजय महतो, रोहित और सोहित के अलावा धनंजय महतो की पत्नी उषा देवी व पुत्री मुस्कान कुमारी को मुख्य नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

दूसरी ओर, आरोपी पक्ष के सदस्यों का आरोप है कि तलाशी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने घर की महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे मुस्कान कुमारी को चोटें आईं। हालांकि, उत्पाद विभाग और पुलिस ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए इसे कार्रवाई से बचने की मनगढ़ंत कहानी करार दिया है। महेशखूंट थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस टीम सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही है।

इंग्लिश टोला में 30 लीटर देसी शराब बरामद, दो सगे भाई गिरफ्तार

इधर, महेशखूंट थाना पुलिस ने मद्यनिषेध अभियान के तहत दूसरी त्वरित कार्रवाई करते हुए इंग्लिश टोला में छापेमारी कर 30 लीटर अवैध देसी शराब के साथ दो धंधेबाजों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों तस्कर आपस में सगे भाई हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इंग्लिश टोला निवासी स्वर्गीय अशोक शर्मा के घर में काफी दिनों से अवैध रूप से महुआ शराब तैयार कर बेची जा रही है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस बल के साथ चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर के भीतर प्लास्टिक के गैलन और विभिन्न बर्तनों में छिपाकर रखी गई करीब 30 लीटर देसी महुआ शराब बरामद हुई। मौके से ही स्वर्गीय अशोक शर्मा के दोनों पुत्रों कन्हैया कुमार और विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।