बारसोई नगर पंचायत में लोगों को नहीं मिल रही जलजमाव से निजात
संवाद सूत्र बारसोई (कटिहार) बारसोई नगर पंचायत में लोगों को जलजमाव की समस्या से निजात नहीं मिल रही है। यहां की सबसे बड़ी समस्या जलनिकासी की है। हल्की बारिश में ही वार्ड नंबर 16 के मल्लाह टोली निवासियों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। उनके घर के बाहर की गली बरसात के पानी से लबालब भर जाता है। उन्हें घुटनों तक कीचड़युक्त गंदा पानी लांघकर घर में घुसना-निकलना पड़ता है।
संवाद सूत्र, बारसोई (कटिहार): बारसोई नगर पंचायत में लोगों को जलजमाव की समस्या से निजात नहीं मिल रही है। यहां की सबसे बड़ी समस्या जलनिकासी की है। हल्की बारिश में ही वार्ड नंबर 16 के मल्लाह टोली निवासियों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। उनके घर के बाहर की गली बरसात के पानी से लबालब भर जाता है। उन्हें घुटनों तक कीचड़युक्त गंदा पानी लांघकर घर में घुसना-निकलना पड़ता है। इतना ही नहीं, अधिक वर्षा होने पर घर और आंगन में भी बारिश का पानी जमा हो जाता है। बारसोई नगर पंचायत के लगभग सभी वार्ड में जलजमाव की गंभीर समस्या है, परंतु सबसे बुरा हाल वार्ड 16 के मल्लाह टोली का है। जहां के लोग दिन रात प्रतिनिधियों को कोसते रहते हैं। इस संबंध में सुबोल महलदार, दिलीप महलदार, रमेश चौधरी आदि का कहना है कि हम लोग चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। चुनाव के समय वोट मांगने आने वाले प्रत्याशियों को इसका जवाब मिलेगा। वहीं सुधा देवी, मीनोती देवी, मीना देवी इत्यादि महिलाओं ने कहा कि नगर पंचायत बने पांच वर्ष बीतने को है। वहीं यहां की समस्या जस की तस बनी हुई है। किसी भी प्रतिनिधि ने जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए ध्यान नहीं दिया। यहां के लोग आज भी आदिम युग में जी रहे हैं। जलजमाव समेत स्थानीय समस्याओं को लेकर यहां के लोगों में काफी आक्रोश है।