एक हफ्ते में ₹48 से ₹72 प्रति किलो पहुंची चीनी; चाय की चुस्की से लेकर मिठाइयों तक महंगाई का जोरदार झटका
कटिहार में एक सप्ताह के भीतर चीनी की कीमतें ₹48 से बढ़कर ₹68-₹72 प्रति किलोग्राम हो गई हैं, जिससे आम ...और पढ़ें

चीनी के दाम डेढ़ गुना बढ़े; रसोई का बजट बिगड़ने से लोग पाव भर खरीदने को मजबूर
HighLights
एक सप्ताह में चीनी ₹48 से ₹72 प्रति किलो हुई।
चाय की कीमत दोगुनी होकर ₹10 प्रति कप हो गई।
मिठाइयों के दाम बढ़े, ग्राहक खरीदारी में कटौती कर रहे।
संवाद सूत्र, पोठिया (कटिहार)। त्योहारी सीजन से ठीक पहले चीनी की कीमतों में अचानक आए जबर्दस्त उछाल ने आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है। महज एक सप्ताह के भीतर चीनी के दाम 48 रुपये से बढ़कर सीधे 68 से 72 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए हैं। कीमतों में इस अप्रत्याशित तेजी का सीधा असर आम गृहणियों के साथ-साथ चाय की चुस्की और मिठाई के शौकीनों की जेब पर पड़ने लगा है।
स्थानीय बाजार पोठिया, भंगहा, महेशपुर, मोरसंडा, बरेटा सहित फलका प्रखंड के विभिन्न हाट-बाजारों में सप्ताहभर पहले तक 48 रुपये प्रति किलो बिकने वाली चीनी अब 68 से 72 रुपये के भाव पर बिक रही है।
किराना कारोबारी किशोर गुप्ता, विष्णु रुंगटा, सुरेश गुप्ता, पवन गुप्ता, विमल गुप्ता और सुबोध गुप्ता ने बताया कि चीनी के दामों में इतनी अचानक और भारी तेजी आने का अनुमान नहीं था। थोक बाजार से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण आने वाले दिनों में कीमतों में और अधिक वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।
₹5 वाली चाय हुई ₹10 की, मिठाइयों के भाव भी चढ़े
चीनी के दाम में डेढ़ गुना बढ़ोतरी का तात्कालिक असर चाय और हलवाई की दुकानों पर देखने को मिल रहा है। ग्रामीण व कस्बाई बाजारों में 5 रुपये में मिलने वाली सामान्य चाय अब 10 रुपये प्रति कप हो गई है, जबकि स्पेशल चाय के दाम 15 रुपये प्रति कप तक पहुंच गए हैं।
मिठाई विक्रेता मंटू साह, टुनटुन साह, सियाराम मंडल और संतोष साह का कहना है कि दूध, मैदा और अन्य कच्चे माल की महंगाई के बीच चीनी के दाम बेतहाशा बढ़ने से मिठाइयों की कीमतें बढ़ाना उनकी मजबूरी हो गई है।
बाजार भाव: प्रमुख मिठाइयों की नई दरें (रुपये प्रति किलो)
काजू कतली: ₹1,200
रसकदम: ₹650
पेड़ा: ₹600
बर्फी: ₹500
स्पंज रसगुल्ला: ₹280
गुलाब जामुन: ₹280
चमचम: ₹250
मोतीचूर लड्डू: ₹240
बुनिया: ₹200
जलेबी: ₹180
खरीदारी में कटौती करने लगे ग्राहक
आसमान छूती महंगाई का असर अब ग्राहकों की क्रय शक्ति पर भी साफ दिखने लगा है। दुकानों पर कई उपभोक्ता एक किलो के बजाय आधा किलो, जबकि दिहाड़ी मजदूर व गरीब तबके के लोग 250 ग्राम (पाव) या 100 ग्राम चीनी खरीदकर काम चला रहे हैं। अचानक बढ़े चीनी के दामों ने आम जनता के बीच तीखी चर्चा और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
