विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरौनी-कटिहार रेलखंड पर सोनपुर DRM का एक्शन: सेमापुर व कुरसेला में जांची व्यवस्था, समय पर कार्य पूरा करने का टास्क

Published: Thu, 20 Aug 2026 09:43 AM (IST)

सोनपुर मंडल के डीआरएम अमित सरन ने बरौनी-कटिहार रेलखंड का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने सेमापुर, काढ़ागोला रोड और कुरसेला जंक्शन ...और पढ़ें

डीआरएम अमित सरन ने सेमापुर, काढ़ागोला रोड व कुरसेला में परखीं यात्री सुविधाएं, संरक्षा और पैनल रूम की व्यवस्था

डीआरएम अमित सरन ने सेमापुर, काढ़ागोला रोड व कुरसेला में परखीं यात्री सुविधाएं, संरक्षा और पैनल रूम की व्यवस्था

HighLights

  1. डीआरएम अमित सरन ने बरौनी-कटिहार रेलखंड का सघन निरीक्षण किया।

  2. सेमापुर, काढ़ागोला रोड, कुरसेला जंक्शन पर सुविधाओं का जायजा लिया।

  3. संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, अमृत भारत कार्य समय पर पूरे हों।

संवाद सूत्र, सेमापुर (कटिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) अमित सरन ने बुधवार को बरौनी-कटिहार रेलखंड का सघन विंडो ट्रेलिंग एवं विन्डोज निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेमापुर, काढ़ागोला रोड और कुरसेला जंक्शन सहित रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों पर पहुंचकर रेल परिचालन संरक्षा (Safety), यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की भौतिक प्रगति का जायजा लिया।

कुरसेला जंक्शन: पैनल रूम और परिचालन व्यवस्था की समीक्षा

निरीक्षण के क्रम में डीआरएम सबसे पहले कुरसेला जंक्शन पहुंचे। वहां उन्होंने रिले रूम, पैनल रूम एवं पूरे स्टेशन परिसर का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, पेयजल, शेड और ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित स्टेशन अधीक्षक व तकनीकी अधिकारियों से ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सेमापुर और काढ़ागोला रोड पर व्यवस्थाओं को परखा

इसके उपरांत डीआरएम ने सेमापुर स्टेशन का दौरा किया। यहां उन्होंने पैनल रूम के साथ-साथ अनारक्षित टिकट प्रणाली (UTS), यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS), बुकिंग कार्यालय, इलेक्ट्रॉनिक इन-मोशन वे-ब्रिज और सर्कुलेटिंग एरिया की जांच की।

वहीं, काढ़ागोला रोड स्टेशन पर भी उन्होंने बुकिंग कार्यालय, यूटीएस काउंटर और प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया। डीआरएम ने दोनों स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था का स्तर जांचते हुए परिसर को हमेशा साफ-सुथरा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, समय पर पूरे हों निर्माण कार्य

निरीक्षण के दौरान डीआरएम अमित सरन ने उपस्थित अधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि संरक्षा ही भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं शीघ्र मिल सकें। इस निरीक्षण के दौरान मंडल स्तर के कई वरिष्ठ शाखा अधिकारी और स्थानीय रेलकर्मी उपस्थित रहे।