कटिहार की दो महिलाओं की दर्दनाक मौत, दोनों की एक ही दिन हुई थी शादी, अब अंतिम विदाई भी...
बिहार के कटिहार में दो महिलाओं की एक साथ ट्रेन से कटकर मौत हो गई। लोगों ये कहते हुए अचरज में थे कि दोनों की शादी एक ही दिन हुई थी। वे एक ही दिन विदा होकर गांव आई थी और अब उनकी अंतिम विदाई भी एक साथ...
संवाद सूत्र, कुरसेला (कटिहार): कटिहार- बरौनी रेलखंड पर तीनघरिया रेलवे ढाला के समीप ट्रेन से कटकर दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकाें में लूखो मंडल की पत्नी सुमित्रा देवी उम्र- 55 वर्ष और अवदेष मंडल की पत्नी धीना देवी उम्र- 65 वर्ष हैं। दोनों तीनघरिया की रहने वाली थी। स्वजनों ने बताया कि दोनों महिला शौच के लिए रेलवे लाइन के समीप गई थी। इसी क्रम में अप एवं डाउन दोनों ट्रैक से ट्रेन आ रही थी। जिससे दोनों महिला ट्रेन की चपेट में आ गई और दोनों की तत्क्षण ही मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही स्वजन घटनास्थल पर पहुंचकर शव को लेकर घर आ गए और शव की अंत्येष्टि कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों महिला की शादी भी एक ही दिन हुई थी। मृतका सुमित्रा देवी को चार पुत्र तथा तीन पुत्री और धीना देवी को पांच पुत्री तथा तीन पुत्र है। एक ही गांव के दो महिला की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल था। पूरा गांव इस हादसे से गमगीन है।
'दोनों की शादी एक ही दिन हुई थी, दोनों विदा होकर एक ही दिन गांव में आई, अब दोनों की अर्थी एक साथ उठी। बहुत दुखद है।'- सुरेश मंडल, स्थानीय
कोसी में डूबने से दस साल के अंशु की मौत
संवाद सूत्र कोलासी (कटिहार): कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत उत्तर सिमरिया पंचायत में कारी कोसी नदी में स्नान के दौरान 10 वर्षीय अंशु कुमार की डूबने से मौत हो गई। मृत बालक दिघरी गांव का रहने वाला था। वह अपने तीन दोस्तों के साथ कोलासी स्थित कारी कोसी नहाने गया था। गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। बालक को डूबता देख उसके अन्य साथी शोर मचाने लगे। स्थानीय लोग शोर गुल सुन मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक के दादा इंद्रदेव शर्मा ने बताया कि अंशु के पिता का निधन पूर्व में हो चुका है। सूवना मिलते ही कोलासी ओपी प्रभारी धीरेंद्र कुमार मौके पर पहुंंच शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेजा।