विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार-जोगबनी रेलखंड का CSO ने किया औचक निरीक्षण! सुरक्षा मानकों की हुई जांच, DRM दफ्तर पर लगी सेफ्टी मैन प्रतिमा

Published: Wed, 21 Oct 2026 09:38 AM (IST)

Katihar Jogbani Rail Section: पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य संरक्षा अधिकारी ने कटिहार-जोगबनी रेलखंड का औचक निरीक्षण कर संरक्षा मानकों ...और पढ़ें

Katihar Jogbani Rail Section: कटिहार-जोगबनी रेलखंड का मुख्य संरक्षा अधिकारी ने किया निरीक्षण

Katihar Jogbani Rail Section: कटिहार-जोगबनी रेलखंड का मुख्य संरक्षा अधिकारी ने किया निरीक्षण

HighLights

  1. मुख्य संरक्षा अधिकारी ने कटिहार-जोगबनी रेलखंड का निरीक्षण किया।

  2. ट्रैक, सिग्नलिंग और संरक्षा मानकों का बारीकी से जायजा लिया।

  3. डीआरएम कार्यालय पर 'सेफ्टी मैन' प्रतिमा स्थापित की गई।

संवाद सहयोगी, कटिहार। Katihar Jogbani Rail Section: पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के कटिहार रेल मंडल में सुरक्षित रेल परिचालन और यात्री सुरक्षा को शीर्ष प्राथमिकता देते हुए संरक्षा व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में एनएफआर मुख्यालय मालीगांव से पहुंचे मुख्य संरक्षा अधिकारी (सीएसओ) ने विशेष निरीक्षण यान के जरिए कटिहार-जोगबनी रेलखंड का सघन और औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक की स्थिति, सिगनलिंग व्यवस्था, कर्व्स और रेल परिचालन से जुड़े संरक्षा के तमाम तकनीकी मानकों का बारीकी से जायजा लिया।

विशेष निरीक्षण यान से परखी गई ट्रैक की संरक्षा

मालीगांव मुख्यालय से कटिहार पहुंचे मुख्य संरक्षा अधिकारी ने जोगबनी रेलखंड पर विशेष सैलून (निरीक्षण यान) से विंडो ट्रेलिंग करते हुए संरक्षा का मुआयना किया। उन्होंने रेल पटरियों के रख-रखाव, प्वाइंट्स एवं क्रॉसिंग, लेवल क्रॉसिंग गेट्स और स्टेशनों पर संरक्षा उपकरणों की कार्यप्रणाली का भौतिक सत्यापन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित शाखा अधिकारियों और फील्ड कर्मचारियों को निर्देशित किया कि रेल परिचालन में निर्धारित संरक्षा नियमों और प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर थोड़ी सी भी चूक स्वीकार्य नहीं होगी।

डीआरएम कार्यालय के गेट पर 'सेफ्टी मैन' की प्रतिमा स्थापित

यात्रियों और रेल कर्मियों को सुरक्षा व संरक्षा के प्रति निरंतर जागरूक बनाए रखने के उद्देश्य से कटिहार मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में एक अनूठी पहल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) किरेंद्र नरह के विशेष निर्देश पर डीआरएम दफ्तर के मुख्य प्रवेश द्वार पर 'सेफ्टी मैन' की एक आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है। यह प्रतिमा कार्यालय आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को संरक्षा के महत्व और कर्तव्य का निरंतर स्मरण कराएगी।

एडीआरएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) मनोज कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी सहित कटिहार मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुख्य संरक्षा अधिकारी को मंडल में संरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों और तकनीकी अपग्रेडेशन की विस्तार से जानकारी दी। मुख्य संरक्षा अधिकारी ने संरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।