विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार में रेलवे पटरी के पास मिला विवाहिता का शव; पिता ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप, पति गिरफ्तार कर जेल भेजा

Published: Sat, 15 Aug 2026 04:32 PM (IST)

कटिहार के आजमनगर में 30 वर्षीय विवाहिता जोशना देवी का शव रेलवे पटरी के पास संदिग्ध अवस्था में मिला। पिता ...और पढ़ें

आजमनगर के खुरियाल स्टेशन व लक्ष्मीपुर अंडरपास के समीप मिला 30 वर्षीया जोशना देवी का शव; इलाके में फैली सनसनी

आजमनगर के खुरियाल स्टेशन व लक्ष्मीपुर अंडरपास के समीप मिला 30 वर्षीया जोशना देवी का शव; इलाके में फैली सनसनी

HighLights

  1. कटिहार में रेलवे पटरी के पास मिला विवाहिता का शव।

  2. पिता ने दामाद पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया।

  3. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा।

संवाद सूत्र, सालमारी (कटिहार)। कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवगांव पंचायत के वार्ड नंबर दो में शुक्रवार की देर रात एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। खुरियाल रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर स्थित लक्ष्मीपुर रेलवे अंडरपास के समीप रेलवे पटरी के किनारे 30 वर्षीया विवाहिता जोशना देवी का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही आजमनगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया।

इधर, घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के नामजद आरोपी पति भोला सिंह (निवासी देवगांव, वार्ड संख्या-02) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पिता का गंभीर आरोप—गला दबाकर हत्या के बाद पटरी के पास फेंका शव

मृतका के पिता डोमन मंडल ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी जोशना और दामाद भोला सिंह के बीच अक्सर विवाद और झगड़ा होता रहता था।

पिता ने बताया कि घटना की रात भी दोनों के बीच काफी देर तक तीखा विवाद हुआ था। इसके कुछ ही देर बाद उन्हें बेटी की मौत की दर्दनाक खबर मिली। पिता का स्पष्ट आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले जोशना की गला दबाकर हत्या की और फिर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रेलवे पटरी के पास फेंक दिया। बाद में बदनामी के डर से शव को वहां से उठाकर घर ले आया गया।

प्रेम प्रसंग के बाद परिजनों ने कराई थी हिंदू रीति-रिवाज से शादी

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, शादी से पहले जोशना देवी का गांव के ही युवक भोला सिंह के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी मिलने के बाद दोनों परिवारों ने सामाजिक सहमति से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उनका विवाह करा दिया था।

हालांकि, शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के दांपत्य जीवन में खटास आने लगी थी और आए दिन कलह की स्थिति बनी रहती थी। फिलहाल यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इसको लेकर पुलिस गहराई से छानबीन में जुटी है।

"सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका के पिता के आवेदन पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मुख्य अभियुक्त पति भोला सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस सभी तकनीकी व अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।"


-

— नीरज कुमार, थानाध्यक्ष, आजमनगर (कटिहार)