ठेले पर सब्जी बेच पत्नी को बनाया सिपाही! कटिहार में नौकरी लगते ही बदले तेवर, पति बोला- अब पहचानने से भी इनकार
कटिहार में एक पति ने ठेले पर सब्जी बेचकर और ससुर ने ई-रिक्शा चलाकर अपनी पत्नी को पुलिस सिपाही बनाया, ...और पढ़ें

एआई से निर्मित सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पति ने सब्जी बेचकर, ससुर ने ई-रिक्शा चलाकर पत्नी को सिपाही बनाया।
सिपाही बनने के बाद पत्नी ने पति और ससुराल से नाता तोड़ा।
पति ने न्याय के लिए एसपी कार्यालय में गुहार लगाई, पर निराशा मिली।
संवाद सहयोगी, कटिहार। उत्तर प्रदेश के चर्चित 'ज्योति मौर्य' कांड जैसी ही एक दुखद और झकझोर देने वाली कहानी कटिहार जिले में सामने आई है। अपनी पत्नी को बिहार पुलिस में सिपाही बनाने के लिए पति ने दिन-रात ठेले पर सब्जी बेची और बुजुर्ग ससुर ने दिन-भर ई-रिक्शा चलाकर उसकी कोचिंग व किताबों का खर्च उठाया।
कटिहार में पति ने ठेले पर सब्जी बेचकर और ससुर ने ई-रिक्शा चलाकर आर्थिक तंगी के बीच पत्नी को कराई सिपाही की पढ़ाई
बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर चयन होने और प्रशिक्षण में जाने के बाद पत्नी के व्यवहार में आया अचानक बदलाव
पति का आरोप: ट्रेनिंग के दौरान किसी अन्य युवक से बढ़ी नजदीकी, अब ससुराल आने और पहचानने से भी कर रही इंकार
एसपी कार्यालय पहुंचकर पीड़ित पति ने न्याय की लगाई गुहार; पारिवारिक व वैवाहिक विवाद होने से मायूस लौटा पति
लेकिन, जैसे ही पत्नी के कंधों पर खाकी वर्दी आई, उसके तेवर बदल गए। पति का आरोप है कि सिपाही बनते ही पत्नी ने उससे और अपने ससुराल वालों से पूरी तरह नाता तोड़ लिया है। बुधवार को पीड़ित पति न्याय की गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा। आर्थिक तंगी के बावजूद परिवार ने जो सपना मिलकर देखा था, वह सफलता मिलते ही एकतरफा अलगाव में बदल गया।
सब्जी बेचकर कराई पढ़ाई, चयन हुआ तो परिवार में छाई थीं खुशियां
पीड़ित पति के अनुसार, शादी के बाद उसकी पत्नी ने बिहार पुलिस में भर्ती होकर देश सेवा करने की इच्छा जाहिर की थी। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी, लेकिन उसने पत्नी के सपने को टूटने नहीं दिया।
पति ने खुद ठेले पर सब्जी बेचकर मिलने वाले पैसों से घर का खर्च चलाया और पत्नी की पढ़ाई, कोचिंग, फॉर्म भरने व किताबों की व्यवस्था की। इस त्याग में बुजुर्ग ससुर ने भी ई-रिक्शा चलाकर आर्थिक सहयोग दिया।जब बिहार पुलिस में सिपाही के रूप में पत्नी का चयन हुआ, तो पूरे परिवार में जश्न का माहौल था और सबको लगा कि उनकी वर्षों की मेहनत रंग लाई है।
ट्रेनिंग के दौरान बदली नीयत, पहचानने से इंकार करने पर एसपी दफ्तर पहुंचा पति
पति का गंभीर आरोप है कि प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) के दौरान पत्नी की किसी अन्य युवक से नजदीकियां बढ़ गईं। इसके बाद उसने पति से बातचीत कम कर दी और प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ससुराल लौटने से साफ इंकार कर दिया। आरोप है कि अब वह आमने-सामने आने पर भी पति को पहचानने से इंकार कर रही है।
पत्नी के इस रवैये से आहत होकर पीड़ित पति बुधवार को न्याय मांगने एसपी कार्यालय पहुंचा। हालांकि मामला पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद से जुड़ा होने के कारण पुलिस स्तर से तुरंत कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकी, जिससे पीड़ित पति भारी मन से मायूस होकर वापस लौट गया।
