विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

21 शिक्षकों ने की डिजिटल चोरी; रहते थे कोलकाता, धनबाद व पटना में... मार्क ऑन ड्यूटी के खेल से कटिहार में बन रही हाजिरी

Published: Tue, 01 Sep 2026 09:31 AM (IST)

Katihar Teacher Attendance Fraud: कटिहार में 21 शिक्षकों द्वारा डिजिटल हाजिरी में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है, जिसमें वे ...और पढ़ें

Katihar Teacher Attendance Fraud: ई-शिक्षाकोश पोर्टल पर फर्जी हाजिरी

Katihar Teacher Attendance Fraud: ई-शिक्षाकोश पोर्टल पर फर्जी हाजिरी 

HighLights

  1. कटिहार में 21 शिक्षकों ने डिजिटल हाजिरी में की सेंधमारी।

  2. शिक्षक कोलकाता, धनबाद जैसे शहरों से दर्ज करा रहे थे उपस्थिति।

  3. 'मार्क ऑन ड्यूटी' विकल्प के दुरुपयोग पर स्पष्टीकरण मांगा गया।

संवाद सहयोगी, कटिहार। Katihar Teacher Attendance Fraud:राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा लागू किए गए डिजिटल सिस्टम में ही शिक्षकों द्वारा सेंधमारी का बड़ा मामला सामने आया है। शिक्षक पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के अन्य जिलों में घर बैठे-बैठे कटिहार जिले के विद्यालयों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे थे। शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा में डिजिटल हाजिरी के इस बड़े फर्जीवाड़े की पोल खुली है। मामले में जिले के विभिन्न विद्यालयों में पदस्थापित 21 शिक्षकों को चिन्हित करते हुए उनसे स्पष्टीकरण (शो-कॉज) तलब किया गया है।

जुलाई माह की उपस्थिति रिपोर्ट के तकनीकी विश्लेषण में पाया गया कि इन 21 शिक्षकों ने ई-शिक्षाकोश पोर्टल पर उपलब्ध 'मार्क ऑन ड्यूटी' (Mark on Duty) विकल्प का गलत इस्तेमाल किया। विभागीय नियमानुसार इस विकल्प का उपयोग केवल तभी किया जा सकता है जब शिक्षक किसी अधिकृत विभागीय कार्य, प्रशिक्षण या चुनाव आदि के लिए अन्यत्र प्रतिनियुक्त हों। लेकिन शिक्षकों ने स्कूल से नदारद रहकर दूसरे शहरों से उपस्थिति बनाने के लिए इस सुविधा का दुरुपयोग किया।

कोलकाता, मालदा और धनबाद से बन रही थी उपस्थिति

जांच में सामने आए तथ्य चौंकाने वाले हैं। अमदाबाद प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय टोपरा की शिक्षिका राजो कुमारी की उपस्थिति पूजापुर (पश्चिम बंगाल) से दर्ज पाई गई। बलरामपुर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय बैजपुरा के शिक्षक कृष्णा कुमार मलिक की हाजिरी मालदा (पश्चिम बंगाल) से बनी थी।

  • बंगाल-झारखंड में बैठकर कटिहार के स्कूलों में बना रहे थे हाजिरी, ई-शिक्षाकोश के गलत इस्तेमाल पर 21 शिक्षकों से स्पष्टीकरण

  • कटिहार जिले के 21 शिक्षकों द्वारा ई-शिक्षाकोश पोर्टल पर 'मार्क ऑन ड्यूटी' का दुरुपयोग कर दूसरे राज्यों व जिलों से हाजिरी बनाने का भंडाफोड़

  • जुलाई माह की समीक्षा में कोलकाता, मालदा, धनबाद, पटना, दरभंगा, नवादा और गोरखपुर से उपस्थिति दर्ज करने का हुआ खुलासा

  • डीईओ राहुल कुमार ने सभी 21 चिन्हित शिक्षकों से मांगा स्पष्टीकरण; संतोषजनक जवाब न मिलने पर होगी कड़ी विभागीय कार्रवाई

  • डीएम आशुतोष द्विवेदी का कड़ा रुख: शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई 

वहीं बारसोई प्रखंड के यूएमएस डोगागछी के शिक्षक पिजूशकांत घोष कोलकाता में बैठकर हाजिरी बना रहे थे। फलका प्रखंड स्थित उत्क्रमित हाईस्कूल मूसापुर के प्रधानाध्यापक राकेश रंजन कुमार की उपस्थिति धनबाद (झारखंड) से दर्ज पाई गई। इसके अलावा पटना, नवादा, दरभंगा, औरंगाबाद, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, नवगछिया और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से भी कटिहार के स्कूलों की हाजिरी बनाई जा रही थी।

कार्रवाई की जद में आए 21 शिक्षकों की सूची

कार्रवाई के दायरे में आए शिक्षकों में राजेश कुमार मिश्रा, परमानंद मिश्रा, पुतुस कुमारी, राजो कुमारी, मुकेश कुमार, कृष्ण कुमार मलिक, पिंजूस कांत घोष, मो. जौहर इमाम, मो. एहतेशाम आलम, अभिषेक कुमार सिंह, मो. शहनाज, आनंद मंडल, विकास कुमार राय, अभय कुमार, कुमुद कुमार, राकेश रंजन कुमार, मो. रियाज अहमद, एहतेशाम आलम और हरिकेश राय समेत अन्य शिक्षक शामिल हैं।

संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो होगी कठोर कार्रवाई

जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) राहुल कुमार ने बताया कि सभी 21 शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। मार्क ऑन ड्यूटी का नियम विरुद्ध उपयोग करना शिक्षक आचरण नियमावली का खुला उल्लंघन है। यदि शिक्षकों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके विरुद्ध वेतन कटौती और निलंबन सहित अग्रेतर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता और लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी ससमय विद्यालय पहुंचकर बच्चों को पढ़ाना है। नियमों की अनदेखी करने वाले कर्मियों पर कठोर प्रशासनिक कार्रवाई तय है।