Katihar News: बिहार की बिजली बंगाल में हो रही थी सप्लाई, विरोध पर चली कई राउंड गोली; मच गई भगदड़
कटिहार के सालमारी में बिहार की बिजली से बंगाल में सिंचाई का मामला सामने आया है। देवगांव पंचायत के कोल्हन गांव से बंगाल के मंशाबाद में बिजली चोरी हो रही थी। ग्रामीणों के विरोध पर दूसरे पक्ष ने गोलीबारी की जिससे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बिजली विभाग के जेई ने जानकारी देने से इनकार कर दिया है।
संवाद सूत्र, सालमारी (कटिहार)। बिहार की बिजली से बंगाल के खेत में पटवन हो रही है। मामला आजमनगर प्रखंड क्षेत्र के देवगांव पंचायत स्थित कोल्हन गांव का है। यहां से बंगाल के मंशाबाद में बिजली की चोरी की जा रही थी। कोल्हन के ही किसानों द्वारा बंगाल के मंशाबाद में स्थित अपने खेतों में यहां से बिजली ले जाया गया था।
कोल्हन के ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तथा बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इससे आक्रोशित दूसरे पक्ष ने गोलीबारी कर दी। गुरुवार की देर रात गोलियों की तड़तडाहट से गांव गूंज उठा। इसके बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
बताया जाता है कि लगातार लो वोल्टेज की समस्या के बाद ग्रामीण बिहार से बंगाल में बिजली आपूर्ति को बंद करने को लेकर एकत्रित हुए थे। कई लोगों की बिजली आपूर्ति बंद भी कर दी गई। इसी आक्रोश में दूसरे पक्ष द्वारा कई राउंड गोलियां चलाई गईं। जिससे भगदड़ मच गई।
इसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा आजमनगर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। एसआई पुलेंदर कुमार पासवान एवं अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। मौके से दो खोखा बरामद किया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि बहुत पहले से बिहार की बिजली से बंगाल की खेत में यहां के लोग चोरी छूपे पटवन करते हैं। वर्ष 2023 के जुलाई माह में भी इसी को लेकर गोलीबारी हुई थी। गोलीबारी में जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
इस संबंध में आजमनगर में कार्यरत बिजली विभाग के जेई विवेक कुमार से दूरभाष पर पूछे जाने पर उन्होंने किसी भी तरह की जानकारी देने से इनकार कर दिया।
ग्रामीणों द्वारा जानकारी दी गई थी। मामले की जांच की जा रही है। लिखित आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - अरविंद कुमार शर्मा, प्रभारी थानाध्यक्ष, आजमनगर
बिहार-बंगाल सीमा क्षेत्र सटी है। चोरी छुपे पटवन किए जाने की शिकायत मिल रही है। इसकी जांच की जाएगी। बिहार से बंगाल को बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। - मिथलेश कुमार रजक, विद्युत कार्यपालक अभियंता, बारसोई, प्रमंडल
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।