विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मरा नहीं, नाटक कर रहा है' कह कसती रही फंदा! कटिहार में युवक की हत्या का खौफनाक वीडियो वायरल, कब्र से निकला शव

Published: Sun, 13 Sep 2026 10:43 PM (IST)

Katihar Khorwa Murder Video: कटिहार में एक युवक की गला घोंटकर हत्या का खौफनाक वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद प्रशासन ...और पढ़ें

Katihar Khorwa Murder Video: 'मरा नहीं, नाटक कर रहा' कह गमछे से घोंटा गला; वीडियो वायरल होने पर कब्र खोदकर निकाला कमरुल का शव

Katihar Khorwa Murder Video: 'मरा नहीं, नाटक कर रहा' कह गमछे से घोंटा गला; वीडियो वायरल होने पर कब्र खोदकर निकाला कमरुल का शव

HighLights

  1. कटिहार में युवक की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या।

  2. हत्या का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

  3. प्रशासन ने कब्रिस्तान से शव निकलवाकर जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, कटिहार। Katihar Khorwa Murder Video: बिहार के कटिहार जिले से मानवता को तार-तार और रूह को कंपा देने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरवा गांव में एक अचेत युवक का गमछे से गला घोंटकर बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। हत्या के दौरान महिला कहती रही— 'मरलो नय छौ, ढोंग करी रहेलो छौ...' (मरा नहीं है, नाटक कर रहा है) और जमीन पर बेसुध पड़े युवक के गले में पड़ा गमछा पूरी ताकत से खींचती रही।

पास खड़ी अन्य महिलाएं उसे बचाने के बजाय मौत की तस्दीक करती सुनाई दीं— 'गै मरी गयलो गै' (हां, यह मर गया)। वारदात के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने और मामले को दबाने के लिए शव को आनन-फानन में कब्रिस्तान ले जाकर दफना भी दिया। हालांकि, पाप का यह घड़ा तब फूटा जब इस पूरी बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो के इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की भयावहता को देखते हुए कटिहार जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया। रविवार को सदर अंचल के अंचलाधिकारी (सीओ) सह कार्यपालक दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) सोनू भगत और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (एफएसएल) की टीम की मौजूदगी में पुलिस बल खोरवा स्थित कब्रिस्तान पहुंचा। वहां विधिवत कब्र खुदवाकर शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान कटिहार नगर थाना क्षेत्र के रामपाड़ा निवासी मो. कमरुल के रूप में की गई है, जो काफी समय से अपने ससुराल खोरवा गांव में ही रह रहा था।

  • कटिहार जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित खोरवा गांव में युवक की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या का सनसनीखेज मामला

  • सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बर्बरता का वीडियो; जमीन पर अचेत युवक का गमछे से फंदा कसती नजर आई महिला

  • कब्रिस्तान में दफना दिया गया था शव; वीडियो सामने आने के बाद मजिस्ट्रेट व एफएसएल (FSL) की मौजूदगी में खोदी गई कब्र

  • मृतक की पहचान रामपाड़ा निवासी मो. कमरुल के रूप में हुई; ससुराल में रहता था मृतक, पारिवारिक विवाद में हत्या की आशंका

रोंगटे खड़े कर देने वाला है वायरल वीडियो का मंजर

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो के दृश्य किसी के भी रोंगटे खड़े करने के लिए काफी हैं। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति जमीन पर पूरी तरह अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। एक महिला उसके गले में बंधे गमछे को दोनों हाथों से पकड़कर पूरी ताकत से खींच रही है ताकि उसकी सांसों की डोर पूरी तरह टूट जाए।

वह बार-बार गुस्से में झल्लाते हुए फंदे को और कसती जाती है। वहीं आसपास खड़े लोग मूकदर्शक बने मौत का यह खौफनाक मंजर देखते रहते हैं। अंधेरा होने के कारण वीडियो में केवल फंदा कस रही महिला का चेहरा ही अधिक स्पष्ट दिख रहा है। बैकग्राउंड ऑडियो में कुछ अपशब्द और गालियां भी सुनाई दे रही हैं।

कब्र से निकाला गया शव, पारिवारिक रंजिश का शक

मजिस्ट्रेट सोनू भगत ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला गंभीर पारिवारिक कलह और आपसी विवाद में सुनियोजित तरीके से की गई हत्या का प्रतीत होता है। दंडाधिकारी की निगरानी में एफएसएल टीम ने कब्र से शव को बाहर निकलवाकर घटनास्थल और आसपास से अहम वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

 

"मामले का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया है। अब तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित तहरीर नहीं दी गई है। शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच कर रही है। वीडियो में दिख रही महिला और साजिश में शामिल अन्य लोगों की शिनाख्त कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

-

— संतोष कुमार निराला, थानाध्यक्ष, मुफस्सिल थाना कटिहार