कटिहार में दिल दहलाने वाली घटना: सास से विवाद के बाद मां ने 3 मासूम बच्चों को पिलाया धतूरा, खुद भी किया सेवन
कटिहार के आजमनगर में पारिवारिक कलह के चलते एक मां ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ कथित तौर पर ...और पढ़ें
-1787924283320_m.webp)
Katihar News : आजमनगर में पारिवारिक कलह में मां ने 3 बच्चों संग खाया जहर, चारों की हालत गंभीर; पटना रेफर
HighLights
आजमनगर में मां ने तीन बच्चों संग खाया जहर।
पारिवारिक कलह टीन की टाटी को लेकर हुआ विवाद।
सभी की हालत गंभीर, बेहतर इलाज को पटना रेफर।
संवाद सूत्र, सालमारी (कटिहार)। कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कमलपुर स्थित संताली टोला में शुक्रवार की रात एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां पारिवारिक कलह से तंग आकर एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना में मां पूजा देवी (30 वर्ष) और उनके तीन बच्चे— राजकुमार (8 वर्ष), सीका कुमारी (5 वर्ष) तथा राज मंडल (4 वर्ष) की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
आसपास के लोगों की मदद से चारों को आनन-फानन में आजमनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज से भी स्थिति में सुधार न होने पर चारों को बेहतर व गहन उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है।
टीन की टाटी को लेकर सास से चल रहा था विवाद
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस खौफनाक कदम के पीछे घर की टीन की टाटी (दीवार/बाड़) को लेकर उपजा घरेलू विवाद बताया जा रहा है। पूजा देवी का अपनी सास अनिता देवी और ननिया सास धनिया देवी के साथ पिछले तीन दिनों से लगातार झगड़ा चल रहा था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर घर में तीखी नोकझोंक हुई थी।
स्थानीय निवासी गोविंद कुमार ने बताया कि पूजा देवी के पति वीरू मंडल का वर्ष 2024 में ही देहांत हो चुका है। पति की मौत के बाद वह मजदूरी कर किसी तरह अपने तीनों छोटे बच्चों का भरण-पोषण कर रही थी।

छत काटकर कमरे में घुसे ग्रामीण, जमीन पर अचेत मिले चारों
विवाद के बाद महिला ने अपने तीनों बच्चों के साथ कमरे को अंदर से बंद कर लिया। अनहोनी की आशंका होने पर जब स्थानीय लोग फूस की छत हटाकर कमरे के अंदर दाखिल हुए, तो मां और तीनों बच्चे जमीन पर अचेत पड़े मिले।
कमरे के भीतर पिसा हुआ धतूरा और तीन गिलास पाए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि महिला ने पहले अपने तीनों बच्चों को धतूरा पीसकर पिलाया और फिर स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। स्थानीय समाजसेवी मो. अजहर ने ग्रामीणों के सहयोग से चारों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
-1787924529915.webp)
पुलिस जांच में जुटी, आवेदन का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। आजमनगर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। परिजनों की ओर से अभी लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलते ही विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
