विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार : जब शादी से भागता था 36 साल का संजीव, तो कोचिंग जा रही 15 साल की किशोरी की मांग में क्यों भर दिया सिंदूर?

Published: Thu, 13 Aug 2026 11:55 PM (IST)

कटिहार के बरारी में एक 36 वर्षीय युवक ने कोचिंग जा रही 15 साल की किशोरी की मांग में जबरन ...और पढ़ें

बरारी के सेमापुर में 36 वर्षीय अविवाहित संजीव की घिनौनी करतूत से सनसनी; परिजनों के शादी का दबाव बनाने पर टालता था बात

बरारी के सेमापुर में 36 वर्षीय अविवाहित संजीव की घिनौनी करतूत से सनसनी; परिजनों के शादी का दबाव बनाने पर टालता था बात

HighLights

  1. कटिहार में 36 वर्षीय युवक ने नाबालिग की मांग में सिंदूर भरा।

  2. आरोपी संजीव कुमार ठाकुर घटना के बाद से फरार, पुलिस तलाश में।

  3. पुलिस मामले को सनक या सोची-समझी साजिश मानकर जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, सेमापुर (कटिहार)। कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में गुरुवार की सुबह घटी सनसनीखेज घटना ने हर किसी को हैरत में डाल दिया है। गांव का ही 36 वर्षीय संजीव कुमार ठाकुर, जो अब तक अपने परिवार वालों के शादी के हर प्रस्ताव को किसी न किसी बहाने टालता आ रहा था, उसने कोचिंग जा रही 15 साल की एक मासूम किशोरी को अकेला पाकर जबरन उसकी मांग में सिंदूर भर दिया।

इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश के साथ-साथ यह सवाल भी तैर रहा है कि जो युवक खुद शादी के नाम से कतराता था, उसने एक नाबालिग किशोरी संग ऐसी घिनौनी हरकत क्यों की? घटना के बाद से आरोपी युवक फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

शादी की बात टालता था आरोपी

स्थानीय लोगों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी संजीव कुमार ठाकुर (36 वर्ष) की उम्र ढलने के बावजूद वह अब तक अविवाहित है। जब भी उसके परिवार वाले या रिश्तेदार उसकी शादी की बात चलाते थे, तो वह कोई न कोई बहाना बनाकर बात को टाल देता था।

सनक या गहरी साजिश की जांच में जुटी पुलिस

ऐसे में गुरुवार की सुबह उसने जिस तरह से 15 वर्षीय किशोरी को निशाना बनाया, उससे पुलिस भी मामले को किसी मानसिक सनक, सिरफिरेपन या सोची-समझी साजिश के कोण से देख रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या आरोपी काफी समय से किशोरी पर बुरी नजर रख रहा था।

सहेली को बुलाने गई थी किशोरी

घटनाक्रम के अनुसार, पीड़ित किशोरी गुरुवार सुबह रोजाना की तरह कोचिंग जाने के लिए निकली थी। रास्ते में वह अपनी सहेली को साथ लेने उसके घर पहुंची। उस समय सहेली घर के अंदर थी और उसके माता-पिता पीछे बाड़ी में काम कर रहे थे।

शोर मचाने पर पहुंचे परिजनों को देख भागा आरोपी

मासूम को अकेला देख पहले से फिराक में बैठा संजीव वहां पहुंचा और जबरन किशोरी को दबोचकर उसकी मांग में सिंदूर डाल दिया। अचानक हुई इस घटना से सहमी किशोरी ने जब चीखना-चिल्लाना शुरू किया, तो आवाज सुनकर सहेली के माता-पिता दौड़े। लोगों को आते देख आरोपी मौके से भाग निकला।

आरोपी के माता-पिता से पूछताछ

सूचना मिलते ही बरारी थाना प्रभारी सोमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पीड़िता के परिजनों के लिखित आवेदन पर बरारी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

बरारी पुलिस कर रही छापेमारी

थाना प्रभारी सोमेश कुमार ने बताया कि आरोपी की धरपकड़ के लिए उसके माता-पिता को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस की टीमें फरार संजीव की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।