बिहार में भूमिहीन परिवारों को मिलेगा जमीन का अधिकार, इन दस्तावेजों के साथ अंचल कार्यालय में करें आवेदन
कटिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा 'अभियान बसेरा' चलाया जा रहा है, जिसके तहत भूमिहीन पात्र परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराई जाएगी।

एआई जनरेटेड फोटो
HighLights
भूमिहीन पात्र परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराने का अभियान।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग चला रहा 'अभियान बसेरा'।
आवेदन के लिए संबंधित अंचल कार्यालय में संपर्क करें।
संवाद सहयोगी, कटिहार। जिले के भूमिहीन पात्र परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से अभियान बसेरा चलाया जा रहा है। इसके तहत पात्र परिवारों को संबंधित अंचल कार्यालय में आवेदन जमा कर योजना का लाभ लेने की अपील जिला प्रशासन ने की है।
आवेदन के लिए पटना स्थित राज्य मुख्यालय या समाहरणालय आने की आवश्यकता नहीं है। अभियान के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के पात्र भूमिहीन परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र परिवार वासभूमि के अधिकार से वंचित न रहे।
आवेदन के साथ देने होंगे आवश्यक दस्तावेज
आवेदक को लिखित आवेदन के साथ परिवार के सभी सदस्यों का विवरण और मोबाइल नंबर देना होगा। इसके अलावा आवेदक, पति या पत्नी तथा वयस्क सदस्यों के आधार कार्ड की स्व-अभिप्रमाणित प्रति, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या निवास प्रमाण पत्र में से उपलब्ध दस्तावेज, परिवार का सामूहिक फोटो एवं निर्धारित प्रारूप में शपथ पत्र जमा करना होगा।
शपथ पत्र में यह घोषणा करनी होगी कि परिवार के पास वास योग्य भूमि नहीं है और पूर्व में किसी सरकारी योजना के तहत वासभूमि प्राप्त नहीं हुई है। सरकारी भूमि पर रहने वाले परिवार उपलब्ध होने पर मौजा, खाता, खेसरा तथा पुराने निवास से संबंधित साक्ष्य भी आवेदन के साथ जमा कर सकते हैं।
