विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार में अवैध खाद की खबर छापने पर पत्रकार का दिनदहाड़े अपहरण, पुलिस ने तीन आरोपितों को दबोचा

Published: Thu, 29 Oct 2026 05:33 PM (IST)

कटिहार में अवैध खाद कारोबार की खबर छापने पर पत्रकार गुलाम मुर्तजा का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। अमदाबाद पुलिस ...और पढ़ें

पुलिस के साथ मुक्त कराए गए पत्रकार गुलाम मुर्तजा. जागरण

पुलिस के साथ मुक्त कराए गए पत्रकार गुलाम मुर्तजा. जागरण

HighLights

  1. अवैध खाद कारोबार की खबर छापने पर पत्रकार का अपहरण।

  2. अमदाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पत्रकार को छुड़ाया।

  3. तीन आरोपितों को हिरासत में लिया गया, कानूनी कार्रवाई जारी।

संवाद सूत्र, अमदाबाद (कटिहार)। Katihar Journalist Kidnapping : कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र में अवैध खाद के कारोबार और कालाबाजारी से जुड़ी खबरें प्रकाशित करने से बौखलाए अपराधियों ने एक दैनिक अखबार के पत्रकार का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। हालांकि, अमदाबाद पुलिस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ी अनहोनी टल गई और पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर बंधक बने पत्रकार को सकुशल मुक्त कराते हुए तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।

पीड़ित पत्रकार की पहचान आजमनगर थाना क्षेत्र के इमामनगर असलगंज निवासी गुलाम मुर्तजा के रूप में हुई है। वहीं पकड़े गए आरोपितों की पहचान कुमारीपुर निवासी मो. आशिक, मो. साबिर आलम और बोरनी कुमारीपुर निवासी मनीष कुमार गोस्वामी के रूप में की गई है।

कैसे दिया गया अपहरण की घटना को अंजाम

पीड़ित पत्रकार गुलाम मुर्तजा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वे अपने एक अन्य पत्रकार साथी के साथ मोटरसाइकिल से प्राणपुर प्रखंड की ओर जा रहे थे। रास्ते में जब वे लघुशंका के लिए बाइक से नीचे उतरे, तभी वहां एक काले रंग की कार आकर रुकी, जिसमें तीन युवक सवार थे।

बदमाशों ने बलपूर्वक मुर्तजा को खींचकर कार के अंदर डाल लिया। इसके बाद कार के अंदर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा उन्हें बंधक बनाकर अमदाबाद की दिशा में ले जाया गया। बताया जा रहा है कि हाल ही में अवैध खाद जब्ती से जुड़ी खबर प्रकाशित होने के कारण खाद माफिया उनसे गहरी खुन्नस मान रहे थे।

पुलिस की सक्रियता और चेक पोस्ट पर धरपकड़

घटना की भनक लगते ही पीड़ित पत्रकार के स्वजन ने तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद अमदाबाद पुलिस ने सभी प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया और पुलिस चेक पोस्टों को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया।

अमदाबाद थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस पूरी तरह सतर्क थी। सघन जांच के दौरान चन्नी और बलरामपुर के बीच एसआई दिवाकर सरकार ने संदिग्ध काले रंग की कार को रोका। जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो उसके अंदर गुलाम मुर्तजा बंधक बने हुए मिले। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपितों को मौके पर ही दबोच लिया।

प्राणपुर पुलिस के सुपुर्द किए गए आरोपित

घटना की सूचना मिलने पर रोशना थानाध्यक्ष नित्यानंद सिंह और प्राणपुर थाना के एसआई कुमार भुवन अमदाबाद थाना पहुंचे। अमदाबाद थानाध्यक्ष राजन कुमार ने सभी आवश्यक कागजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुक्त कराए गए पत्रकार और तीनों हिरासत में लिए गए आरोपितों को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए प्राणपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित का लिखित आवेदन मिलने के बाद इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- खाद में मिलावट की जांच पड़ी भारी, कटिहार में BDO की टीम पर हमला, 14 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी

यह भी पढ़ें- खगड़िया में अंधविश्वास, मृत बच्चे के जिंदा होने की आस में कोलकाता-कटिहार के बाबाओं का इंतजार, 20 घंटे तक झाड़-फूंक