विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उमंग की पतवार से खिले चेहरे : कटिहार में बाढ़ के बीच नौका दौड़ प्रतियोगिता का रोमांच; लोहा सिंह की टीम बनी चैंपियन

Published: Sat, 19 Sep 2026 06:59 AM (IST)

Katihar Amdabad Boat Race: कटिहार के अमदाबाद प्रखंड में बाढ़ के पानी के बीच एक भव्य नौका दौड़ प्रतियोगिता का ...और पढ़ें

Katihar Amdabad Boat Race:  बाढ़ की आपदा में उमंग की पतवार! कटिहार में ढाई किमी लंबी नौका दौड़ प्रतियोगिता, लोहा सिंह की टीम ने मारी बाजी

Katihar Amdabad Boat Race:  बाढ़ की आपदा में उमंग की पतवार! कटिहार में ढाई किमी लंबी नौका दौड़ प्रतियोगिता, लोहा सिंह की टीम ने मारी बाजी

HighLights

  1. कटिहार के अमदाबाद में बाढ़ के बीच रोमांचक नौका दौड़।

  2. गदाई दियारा के लोहा सिंह की टीम बनी चैंपियन।

  3. बाढ़ की त्रासदी भूलकर ग्रामीणों में दिखा भारी उत्साह।

संवाद सूत्र, अमदाबाद (कटिहार)। Katihar Amdabad Boat Race: कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड क्षेत्र में चारों तरफ बाढ़ का पानी फैला हुआ है और गांव-के-गांव जलमग्न हैं। पिछले एक सप्ताह से बाढ़ की विभीषिका और विस्थापन की मार झेल रहे ग्रामीणों के बीच गुरुवार को छोटा रघुनाथपुर गांव में एक अद्भुत और उल्लासपूर्ण नजारा देखने को मिला।

बाढ़ के अथाह पानी को ग्रामीणों ने अपनी निराशा का कारण नहीं बनने दिया, बल्कि आपदा के इसी पानी में उन्होंने उमंग और उत्साह की पतवार थाम ली। मौका था भव्य नौका दौड़ प्रतियोगिता का, जिसे लेकर पूरे दियारा क्षेत्र में जबरदस्त रोमांच और कौतूहल देखा गया।

प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ मुख्य पार्षद बबलू मंडल, नगर पंचायत अध्यक्ष (जदयू) संजीव साह तथा वार्ड पार्षद चंद्रदीप पासवान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस नौका दौड़ में दियारा इलाके के कुशल नाविकों की कुल 10 टीमों ने पूरे दमखम के साथ भाग लिया।

ढाई किमी लंबी जलधारा में लोहा सिंह की टीम ने मारी बाजी

छोटा रघुनाथपुर से जिलेबी टोला तक लगभग ढाई किलोमीटर लंबी जलधारा में यह मुकाबला आयोजित हुआ। सीटी बजते ही नाविकों ने पानी को चीरते हुए अपनी नौकाओं को तेजी से आगे बढ़ाया। इस कड़े मुकाबले में गदाई दियारा के लोहा सिंह की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, सीज टोला गोपालपुर के भुटारी सिंह की टीम दूसरे और जिलेबी टोला के परिमोल मंडल की टीम तीसरे स्थान पर रही।

  • कटिहार के अमदाबाद प्रखंड अंतर्गत छोटा रघुनाथपुर में बाढ़ के पानी के बीच आयोजित हुई रोमांचक नौका दौड़ प्रतियोगिता

  • नाविकों की 10 टीमों ने लिया हिस्सा; छोटा रघुनाथपुर से जिलेबी टोला तक ढाई किलोमीटर लंबी जलधारा में लगाई दौड़

  • गदाई दियारा के लोहा सिंह की टीम बनी चैंपियन, भुटारी सिंह को दूसरा और परिमोल मंडल की टीम को मिला तीसरा स्थान

  • बाढ़ की त्रासदी भूलकर उत्साह से भरे दिखे ग्रामीण; नावों पर सवार होकर रेस देखने पहुंचे आधा दर्जन गांवों के सैकड़ों लोग

विजेता टीम के कप्तान लोहा सिंह को 2100 रुपये, उपविजेता भुटारी सिंह को 1100 रुपये और तृतीय स्थान पर रहे परिमोल मंडल को 550 रुपये की नकद पुरस्कार राशि और सम्मान प्रदान किया गया।

Katihar Flood Boat Race Lohe Singh Team Wins Brings Joy

नावों पर सवार होकर मुकाबला देखने पहुंचे सैकड़ों लोग

हालांकि, प्रतियोगिता में नगद पुरस्कार से कहीं अधिक महत्व ग्रामीणों के चेहरों पर तैर रही खुशी का था। कई दिनों से बाढ़ के भय और पानी के घेरे में कैद ग्रामीणों के चेहरे खिलखिला रहे थे। तटबंधों और नावों पर खड़े लोग 'और तेज, और तेज' की आवाजें लगाकर नाविकों का हौसला बढ़ा रहे थे। ऐसा लग रहा था मानो बाढ़ का इलाका किसी मेले में तब्दील हो गया हो।

इस अनूठी प्रतियोगिता को देखने के लिए छोटा रघुनाथपुर, झब्बू टोला, मेघु टोला, जलेबी टोला, गोपालपुर और हरदेव टोला सहित कई गांवों के सैकड़ों महिला, पुरुष और बच्चे अपनी-अपनी नावों पर सवार होकर पहुंचे थे।

मुख्य पार्षद बबलू मंडल ने आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से बाढ़ की पीड़ा और तनाव झेल रहे हैं। ऐसे कठिन समय में नौका दौड़ जैसे पारंपरिक आयोजनों ने लोगों को मानसिक सुकून और सुखद अहसास कराया है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए उदय सिंह, जल्ला सिंह सहित सभी स्थानीय युवाओं और आयोजकों की सराहना की।