कटिहार में दुर्गा पूजा मेले से कहां और कैसे गायब हो गईं पांच बच्चियां? 19 अक्टूबर से तलाश जारी; इलाके में सनसनी
कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र से दुर्गा पूजा मेला देखने निकलीं पांच नाबालिग बच्चियां 19 अक्टूबर से लापता हैं। ...और पढ़ें

कटिहार के मनसाही में दुर्गा पूजा मेला देखने गईं 5 नाबालिग बच्चियां रहस्यमय तरीके से लापता
HighLights
कटिहार से दुर्गा पूजा मेला देखने निकलीं पांच बच्चियां लापता।
19 अक्टूबर की शाम से बच्चियों का कोई सुराग नहीं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की, टीमें अलर्ट।
संवाद सहयोगी, कटिहार। कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव से दुर्गा पूजा का मेला देखने निकलीं अलग-अलग परिवारों की पांच नाबालिग बच्चियां रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं। घटना बीते 19 अक्टूबर की देर शाम की बताई जा रही है।
एक साथ पांच बच्चियों के अचानक गायब हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। काफी खोजबीन के बाद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो व्यथित परिजनों ने मनसाही थाने पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और पुलिस से बच्चियों की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
19 अक्टूबर की शाम एक साथ निकली थीं पांचों बच्चियां
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, गांव की पांचों नाबालिग बच्चियां 19 अक्टूबर की शाम दुर्गा पूजा का मेला घूमने के लिए एक साथ घर से निकली थीं। बताया जा रहा है कि वे मनसाही हाट और रंगरा चौक स्थित दुर्गा पूजा पंडाल व मेला देखने गई थीं। देर शाम ढलने और रात होने के बाद भी जब बच्चियां घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी।
इसके बाद परिजनों ने मेला परिसर, आसपास के गांवों और संभावित ठिकानों पर उनकी तलाश शुरू की। रातभर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां संपर्क साधा गया, लेकिन किसी भी बच्ची का कोई अता-पता नहीं चल सका।
अनहोनी की आशंका से सहमे परिजन, थाने में लगाई गुहार
हर संभावित जगह तलाश करने के बाद जब बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने किसी अनहोनी या बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई। परिजनों ने मंगलवार को मनसाही थाने में संयुक्त रूप से आवेदन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी इस घटना के बाद से मातमी सन्नाटा और तनाव का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की तकनीकी जांच, अलर्ट पर टीमें]
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मनसाही थाना पुलिस फौरन हरकत में आ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आवेदन के आलोक में तत्काल मामला दर्ज कर अग्रतर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय स्तर पर इनपुट जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया है कि विशेष टीम गठित कर सभी बच्चियों को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।
