जनसेवा और विकास के लिए भी याद किए जाएंगे जलील
कटिहार। कदवा के पूर्व विधायक अब्दुल जलील का क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कटिहार। कदवा के पूर्व विधायक अब्दुल जलील का क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे सदा जमीन से जुड़े और इसी बल पर अपना सियासी सफर भी तय किया। लोगों के हर दुख दर्द में वह शरीक होते थे। उसके विधायक काल में अफसरशाही कभी हावी नहीं हो पाई। जनता के हक एवं अधिकार के लिए उनकी सदा अफसरों से ठनती रहती थी। वे हमेशा गरीबों व बेसहारा लोगों की लड़ाई लड़ते रहे। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जाता है की उनका आवास प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र में होने के बावजूद कदवा विधानसभा से वे तीन बार विधायक चुने गये। सूरजापुरी जाति को पिछड़ा वर्ग अनुसूची दो का मान्यता दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही थी। बलिया बेलौन को प्रखंड बनाने की मांग विधानसभा में उठाने के बाद तत्कालीन राजद सरकार ने बलिया बेलौन को प्रखंड बनाने की घोषणा कर दी थी, दुर्भाग्यवश राजद की सरकार चले जाने से बलिया बेलौन को प्रखंड बनाने की घोषणा ठंडे बस्ते में चला गया। वहीं विधायक रहते हुए अब्दुल जलील ने कई सड़क, पुल-पुलिया का निर्माण कराया था।