अविश्वास प्रस्ताव पर बैठक कल, बढ़ी सियासी सरगर्मी
कटिहार। हसनगंज प्रखंड में प्रखंड प्रमुख मनोज कुमार मंडल के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव को लेकर र
कटिहार। हसनगंज प्रखंड में प्रखंड प्रमुख मनोज कुमार मंडल के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। शनिवार को प्रखंड प्रमुख के विरुद्ध लगाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर बैठक होनी है। कुल छह पंचायत समिति सदस्यों में से चार पंचायत समिति सदस्य ने प्रखंड प्रमुख पर अविश्वास प्रस्ताव पर बैठक बुलाने के लिए आवेदन दिया था। ऐसे में यह बैठक काफी महत्वपूर्ण हो गई है। आवश्यक संख्या बल जुटाने में दोनों पक्ष एड़ी-चोटी एक किए हुए हैं। दोनों ही पक्ष हर जुगत लगाने में जुटे हुए हैं। फिलहाल यह मसला लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है। चाय पान की दुकानों में भी बस यही चर्चा है कि प्रखंड प्रमुख की कुर्सी बचेगी या नहीं। बता दें कि हसनगंज प्रखंड की राजनीति में प्रखंड के पहले निर्विरोध चुने गए प्रखंड प्रमुख सत्यनारायण महतो द्वारा बिना बाधा के पांच वर्ष तक के अपने कार्यकाल को पूर्ण करने का रिकार्ड रहा है। अभी तक किसी दूसरे प्रमुख को यह सौभाग्य नहीं मिला है। ऐसे में लोगों की निगाहें पूरी तरह प्रखंड प्रमुख मनोज कुमार मंडल पर टिकी हुई है। सभी के जुबान पर बस यही सवाल है कि क्या श्री मंडल अपनी कुर्सी बचा पाएंगे।