विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ITI कटिहार में वसूली का खेल! परीक्षा फार्म की फीस ₹413 और मांगे जा रहे ₹3600, छात्रों ने खाेला मोर्चा

Published: Tue, 16 Jun 2026 06:51 PM (IST)

कटिहार के आईटीआई कॉलेज में छात्रों ने परीक्षा शुल्क के नाम पर मनमानी वसूली का आरोप लगाया है, जहां ₹413 ...और पढ़ें

HighLights

  1. आईटीआई कटिहार में ₹413 के बजाय ₹3600 परीक्षा शुल्क मांगा।

  2. छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मनमानी वसूली का आरोप लगाया।

  3. उपप्राचार्य ने आरोपों की जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

संवाद सहयोगी, कटिहार। तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार जहां न्यूनतम शुल्क निर्धारित कर छात्रों को राहत देने का प्रयास कर रही है, वहीं कटिहार के एक आईटीआई कालेज में परीक्षा शुल्क के नाम पर कथित मनमानी वसूली का मामला सामने आया है।

सरकारी परीक्षा शुल्क 413 रुपये होने के बावजूद 3600 रुपये जमा कराने की मांग से नाराज छात्र-छात्राएं कालेज प्रबंधन के खिलाफ खुलकर सामने आ गए हैं। समाहरणालय से कुछ ही दूरी पर स्थित आईटीआई कालेज कटिहार के मैकेनिकल और इलेक्ट्रानिक्स ट्रेड के प्रथम सत्र के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को मीडिया के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई।

छात्रा प्रीति कुमारी, रिया, पायल तथा छात्र राजा कुमार, करण, गौरव साह, विशाल, मंजीत, रोहित, अजीत और ललन सहित अन्य विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा फार्म भरने के लिए 413 रुपये के बजाय 3600 रुपये की मांग की जा रही है। राशि जमा नहीं करने पर परीक्षा फार्म स्वीकार नहीं किया जा रहा है।

छात्रों का आरोप है कि कालेज के एक कर्मी नलिन द्वारा नकद या आनलाइन भुगतान करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निर्धारित राशि नहीं देने पर फार्म वापस लौटा दिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों में परीक्षा छूट जाने की आशंका बनी हुई है।

छात्र के खाते में राशि भेजने का आरोप

छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि 3600 रुपये की राशि कालेज के बजाय एक छात्र के फोन पे खाते में भेजने को कहा जाता है। कई विद्यार्थियों ने भुगतान किए जाने का दावा करते हुए आनलाइन ट्रांजैक्शन का विवरण भी दिखाया। इस दौरान लगभग 30 छात्र-छात्रा द्वारा आनलाइन भुगतान करने की बात सामने आई। हालांकि संबंधित छात्र ने इसे घर से भेजी गई राशि बताया।

प्रशिक्षण व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

विद्यार्थियों ने कालेज की शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध कई उपकरण काम नहीं करते, कक्षाओं का संचालन नियमित नहीं होता और परिसर व शौचालयों की सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि पंखा लगाने जैसे कार्यों के लिए अलग से चंदा मांगा जाता है।

राशि मांगे जाने का मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कमेटी बनाकर आरोपों की जांच की जाएगी। गड़बड़ी पाए जाने पर दोषी पर कार्रवाई की जाएगी। - पूजा कुमारी, उपप्राचार्य, आईटीआई कालेज, कटिहार

यह भी पढ़ें- हॉस्टल की बदहाली और दुर्व्यवहार के खिलाफ सड़क पर उतरीं GNM छात्राएं, 2 घंटे जाम रही कटिहार-पूर्णिया सड़क