शाहपुर पैक्स में शुरू हुई धान की खरीदारी
संवाद सूत्र बलरामपुर (कटिहार) बलरामपुर प्रखंड के अंतर्गत शाहपुर पैक्स में रविवार से धान
संवाद सूत्र, बलरामपुर (कटिहार): बलरामपुर प्रखंड के अंतर्गत शाहपुर पैक्स में रविवार से धान की खरीदारी शुरू हो गई। पैक्स अध्यक्ष नसरीन बानू ने फीता काटकर धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन किया।
इस मौके पर शाहपुर पंचायत के कई किसानों ने अपना धान पैक्स को बेचकर अधिप्राप्ति केंद्र में क्रय विक्रय की शुरुआत की। उद्घाटन समारोह में बीसीओ आशीष कुमार ने बताया कि राज्य सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनके अनाज का उचित मूल्य मिल सके और वह घाटे में नहीं रहे। इसके बारे मे सरकार की ओर से धान अधिप्राप्ति का सरकारी समर्थन मूल्य 1940 रूपये निर्धारित की गई है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां के किसान पश्चिम बंगाल की मंडियों में भी अपने अनाज औने पौने दामों में बेचने को विवश होते हैं। ऐसे में किसानों को स्थानीय पैक्स में ही धान को बेचना चाहिए। वहीं नसरूल हक ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को उनके अनाज का भुगतान ससमय करने की दिशा में आवश्यक पहल की जरूरत है। भुगतान में विलंब होने की वजह से किसानों के समक्ष अपना अनाज पश्चिम बंगाल की मंडियों में बेचने की विवशता होती है। वही पैक्स अध्यक्ष नसरीन बानू ने कहा कि किसानों ससमय भुगतान करने को लेकर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस बार किसानों को तय समय सीमा के भीतर ही भुगतान किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व पंचायत समिति सदस्य संजय चौधरी, जमशेद आलम, मुशर्रफ आलम, फरहाद आलम, सुदर्शन मिश्रा, परवेज आलम, बबलू, महताब आलम, रबीन यादव, अनवारूल हक सहित कई किसान उपस्थित थे।