कंपकपाती ठंड से जीना हुआ मुहाल
कटिहार। शनिवार से पछुवा हवा के साथ बढ़ी ठंड, कुहासे ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया
कटिहार। शनिवार से पछुवा हवा के साथ बढ़ी ठंड, कुहासे ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। खासकर पछुवा हवा के साथ शीतलहर का कहर गरीबों के लिए आफत बन गई है। वहीं सरकारी अलाव की आस में फिलहाल गरीब कांपने को विवश हैं। दो दिनों से हवा के साथ शीतलहर ने कंपकपाती ठंड ने आमलोगों का जीना मुहाल कर दिया है। रविवार की सुबह से लोग घरों पर दुबकने को मजबूर हो रहे हैं। रविवार की सुबह कुहासा के चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी थमी रही। बाजारों में चहलपहल नदारद रही। दिन के 11 बजे तक कोहरा का असर कायम रहा। लोग धूप सेंकने को तरस गए। कुहासे के कारण ठंड में भी इजाफा हो गया है। आलम यह था कि गाड़ियों के हेडलाइट दिन में जल रहे थे। बहरहाल कुहासा के कारण आमजन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। फुटपाथ पर जीने वाले लोगों सहित रोज कमाने खाने वाले रिक्शा चालक, कुली, मजदूरों के समक्ष रोजी-रोटी की समस्या पैदा हो गई है। स्थानीय समाजसेवी अनिल कुमार पासवान ने बढ़ते कुहासा और ठंड को देखते हुए चौक-चौराहों पर अलावा जलाने की मांग प्रशासन से की है।