कुरसेला नाव दुर्घटना में लापता हुए तीन लोगों का भी मिला शव
कटिहार। गुरुवार की दोपहर कुरसेला थाना क्षेत्र के मधेली गांव के समीप गंगा-कोसी संगम परिक्षे
कटिहार। गुरुवार की दोपहर कुरसेला थाना क्षेत्र के मधेली गांव के समीप गंगा-कोसी संगम परिक्षेत्र में भीषण आंधी और बारिश के बीच दो नावों के डूबने की घटना में लापता शेष तीन लोगों का शव भी शनिवार को बरामद कर लिया गया।
इस हादसे में एक महिला समेत कुल छह लोग लापता हो गए थे। इसमें एक महिला का शव गुरुवार की शाम ही बरामद कर लिया गया था। जबकि दो शव शुक्रवार को बरामद किया गया था। एसडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय गोताखोर लगातार इस मिशन में जुटे हुए थे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी लगातार वहां कैंप कर रहे थे। इसी दौरान शनिवार को शेष तीन शव भी बरामद कर लिए गए। इसमें कटिहार शहर के शरीफगंज मोहल्ले के मु. अशफाक, मनसाही के बड़ी बथनाहा निवासी चंदन कुमार सिंह व समेली के डूमर निवासी मु. अख्तर के पुत्र मु. राजा का शव शामिल है।
इस दौरान एसडीआरएफ टीम के साथ थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, पंचायत के मुखिया पति शमशाद आलम तथा स्थानीय ग्रामीण ने भी भरपूर सहयोग किया। सीओ अमर कुमार वर्मा तथा प्रखंड विकास कुमार नूतन कुमारी भी लगातार डटी रही। बता दें कि दोनों नाव गुरुवार को जरलाही दियारा से तरबूज लेकर आ रही थी। दोनों नावों पर कुल 13 लोग सवार थे। अचानक आयी आंधी-तूफान के चलते दोनों नावें पलट गई। इसमें सात लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल सके और छह लोग लापता हो गए थे।
======
मृतकों की सूची
1- मो. राजा - 17 वर्ष, पिता मो. अख्तर- डूमर, समेली।
2- मो. अशफाक-23 वर्ष, पिता मो. मकसूद, शरीफगंज, कटिहार।
3- चंदन कुमार सिंह-27 वर्ष, पिता दिनेश कुमार सिंह, बड़ी बथनाहा, मनसाही
4- अमरून खातून 45 वर्ष, गुमटी टोला।
5- मो. शाहरूख 11 वर्ष, पिता मो. निजाम, गुमटी टोला।
6- मो. अमन सात वर्ष, पिता मो. फारूक, गुमटी टोला।