राशन वितरण के विवाद में हुई मारपीट में महिला घायल
थाना क्षेत्र के महरथा गांव में बुधवार को राशन वितरण में किसी बात को लेकर हुए विवाद में डीलर के सहयोगियों ने महिला के साथ मारपीट की। जिससे महिला घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मारपीट करने वाले तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर ली।
कैमूर । थाना क्षेत्र के महरथा गांव में बुधवार को राशन वितरण में किसी बात को लेकर हुए विवाद में डीलर के सहयोगियों ने महिला के साथ मारपीट की। जिससे महिला घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मारपीट करने वाले तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के महरथा गांव की डीलर आपसा खातून पति मूसा खां कुछिला थाना क्षेत्र के मुखरांव गांव की रहने वाली हैं। जिनके नाम से नुआंव के महरथा गांव में राशन की दुकान आवंटित है। उनका अपना घर महरथा में नहीं है। इसलिए वे गांव के शिवबचन सिंह के दरवाजे से राशन वितरण करती हैं। गांव की रामदुलारी देवी वहां राशन लेने पहुचीं। राशन के लेन-देन के किसी मामले को लेकर डीलर और रामदुलारी देवी के बीच बहस होने लगी। वहां मौजूद शिवबचन सिंह, गौतम सिंह और दिनेश सिंह डीलर की तरफ से महिला को समझाने लगे। जिसको लेकर महिला और उनके बीच बकझक होते होते मारपीट शुरू हो गई। जिसमें महिला जख्मी हो गई। मारपीट की बात महिला के घरवालों तक पहुंची। वे लोग भी शिवबचन सिंह के दरवाजे पर पहुंचे। खबर मिलते ही पूरे गांव के लोग वहां इकट्ठा हो गए और डीलर के खिलाफ आवाज उठाने लगे। ग्रामीणों की जुटी भीड़ को देख शिवबचन सिंह, गौतम सिंह और दिनेश सिंह अपने घर में घुस कर दरवाजा बंद कर दिए। मामला उग्र रूप धारण करने लगा। किसी ने इसकी जानकारी थाने को दी। खबर मिलते ही पेट्रोलिग ड्यूटी पर निकले एएसआइ बृजकिशोर सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंच झगड़े के कारण की जानकारी लेने लगे। उधर लोग पुलिस को देख आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस से बहस होने लगी। तबतक और पुलिस पहुंच गई। घरवालों के काफी विरोध के बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। जहां रामदुलारी देवी द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष सुनीत कुमार सिंह ने बताया कि डीलर द्वारा राशन वितरण में गड़बड़ी को लेकर ग्रामीण नाराज हैं। जिसको लेकर मारपीट की घटना हुई।